उत्तराखंड Express ब्यूरो
देहरादून
भाजपा को इस बार 34 नए मंडल अध्यक्ष मिलने जा रहे हैं। इनको मिलाकर सांगठनिक स्तर पर पार्टी के मंडलों की संख्या अब कुल 304 होंगे , जिसमें सर्वाधिक नए मंडल रुड़की जनपद में सृजित किए गए हैं।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता पूर्व मंत्री खजान दास ने पार्टी मुख्यालय में संगठन पर्व को लेकर यह जानकारी साझा की। उन्होंने बताया सभी 70 विधानसभा में मंडल अध्यक्ष चुनाव संपन्न करने के लिए पार्टी के पर्यवेक्षक टीम रायशुमारी कर रही है। जिसके तहत इस बार पूर्व के 270 के मुकाबले पार्टी को 304 मंडल अध्यक्ष मिलने जा रहे हैं। क्योंकि प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट की सहमति से प्रदेश नेतृत्व द्वारा कार्यकर्ताओं के सुझाव, भौगोलिक एवं जनसांख्यिकीय परिस्थितियों के मद्देनजर संगठनिक इकाईयों में बदलाव किए हैं। जिसमें कुछ मंडलों को विभाजित और कुछ के शक्ति केंद्रों का सामंजस्य स्थापित कर राज्य भाजपा ने सांगठनिक दृष्टि से कुल 34 नवसृजित मंडल बनाए गए हैं। इस तरह से सबसे अधिक 6 नए मंडल अध्यक्ष रुड़की जिले और 4 देहरादून महानगर भाजपा को मिलने जा रहे हैं।
उन्होंने नवसृजित मंडलों की जानकारी देते हुए बताया, उत्तरकाशी जिले की गंगोत्री विधानसभा में डूंडा मंडल को विभाजित धनारी व वरसाली के रूप में मंडल बनाए गए हैं। इसी तरह चमोली जिले की बद्रीनाथ विधानसभा में पोखरी जिलासू मंडल, थराली विधानसभा में कुलसारी मंडल नवसृजित किए गए हैं। रुद्रप्रयाग जिले की केदारनाथ विधानसभा में नया केदारनाथ मंडल बनाया गया है। वहीं देहरादून महानगर में रायपुर विधानसभा में अजबपुर, राजपुर विधानसभा में डालनवाला, कैंट विधानसभा में प्रेमनगर कांवली और जीएमएस रोड को विभाजित कर स्वामी विवेकानंद, सरदार पटेल, नंदा देवी मंडल का गठन किया जा रहा है। वही हरिद्वार जनपद की हरिद्वार विधानसभा में अंबेडकर नगर, रानीपुर विधानसभा में केशव नगर, लक्सर विधानसभा में एथल नवसृजित मंडल होंगे। इसके अतिरिक्त जिला रुड़की की भगवानपुर विधानसभा में डाडा, झबरेड़ा विधानसभा में कृष्णा नगर, खानपुर विधानसभा में ढंढेर, पिरान कलियर विधानसभा में मंडलाना मंडल और पिरान कलियर को विभाजित कर इमली खेड़ा व बेलड़ा, रुड़की विधानसभा में रुड़की पश्चिमी को विभाजित कर सुभाष गंज एवं रामनगर और मंगलोर विधानसभा में मंडलाना के नाम से मंडल सृजित किए गए हैं। कोटद्वार जिले की यमकेश्वर विधानसभा में ज़खनीखाल मंडल और पिथौरागढ़ जनपद की धारचूला विधानसभा में धारचूला ग्रामीण को विभाजित कर छिपला केदार व नारायण आश्रम, मदकोट मंडल बनाए गए हैं। इसी तरह बागेश्वर की कपकोट विधानसभा में देवलचौरा, बागेश्वर विधानसभा में वज़्यूला और कंधार मंडल के साथ अल्मोड़ा जिले की सोमेश्वर विधानसभा में कंडारखुआ और जागेश्वर विधानसभा में डोल आश्रम और भनोली ध्याड़ी मंडल नए गठित किए गए हैं।
वहीं नैनीताल जिले की भीमताल विधानसभा में भीड़ा पानी मंडल, नैनीताल विधानसभा में नैनीताल ग्रामीण मंडल, रामनगर विधानसभा में पुरूमद्वारा मंडल नए बनाए गए हैं। काशीपुर जनपद की काशीपुर विधानसभा में गौतम नगर मंडल और बाजपुर विधानसभा में बाजपुर ग्रामीण मंडल नवसृजित किए गए हैं। साथ ही भाजपा संगठन की दृष्टि से उधम सिंह नगर जनपद की नानकमत्ता विधानसभा में नानकमत्ता ग्रामीण और खटीमा पश्चिम नए मंडल के रूप में पहचाने जाएंगे।
वहीं जिन मंडलों के नाम में परिवर्तन किया गया है उसमें रुद्रप्रयाग विधानसभा के खाखरा मंडल का नया नाम वचनस्यूं, हरिद्वार विधानसभा में हरिद्वार उत्तरी मंडल का नया नाम जमालपुर कला, झबरेड़ा विधानसभा में झबरेड़ा ग्रामीण का नया नाम पनियाला मंडल, रुड़की विधानसभा में रुड़की पूर्वी का नया नाम सिविल लाइन, मंगलोर विधानसभा में मंगलौर ग्रामीण का नया नाम नारसन मंडल, रुद्रपुर विधानसभा में रुद्रपुर ग्रामीण का सुभाष चंद्र बोस और रुद्रपुर उत्तरी मंडल का सरदार पटेल मंडल किया गया है!