
जयप्रकाश बहुगुणा
बड़कोट /उत्तरकाशी
आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत हर घर तिरंगा अभियान को लेकर राजेंद्र सिंह रावत राजकीय महाविद्यालय, बड़कोट (उत्तरकाशी) में उत्साहपूर्ण वातावरण में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने तिरंगा रैली निकालकर देशभक्ति का संदेश फैलाया। इसके साथ ही परिसर में रंगोली प्रतियोगिता एवं ‘तिरंगे के साथ सेल्फी’ कार्यक्रम का भी आयोजन हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी सृजनात्मकता एवं देशप्रेम का सुंदर संगम प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार ने तिरंगे के महत्व एवं राष्ट्र की एकता में उसकी भूमिका पर प्रेरक संबोधन दिया। साथ ही महाविद्यालय की वरिष्ठ प्राध्यापिका डॉ. अंजु भट्ट ने भी छात्रों का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें राष्ट्रप्रेम की भावना को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार के सभी प्राध्यापक एवं कर्मचारी तथा छात्र-छात्राएं सक्रिय रूप से सम्मिलित रहे।