जयप्रकाश बहुगुणा
नौगांव /उत्तरकाशी
महिला ससक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्रालय उत्तराखंड सरकार द्वारा दिया जाने वाला राज्य स्तरीय तिलू रौतेली पुरुस्कार के लिए इस वर्ष उत्तरकाशी जनपद के तुनाल्का नौगांव में परमार्थ विजय पब्लिक स्कूल (दृष्टि दिव्यांग छात्रावास)की प्रबंधक श्रीमती विजयलक्ष्मी जोशी का भी चयन किया गया है!श्रीमती जोशी ने दृष्टि दिव्यांग बच्चों के लिए विषम परिस्थिति में संघर्ष कर उनके लिए नेत्र ज्योति का काम किया है!
उत्तरकाशी जिले के तुनाल्का गांव में जन्मीं श्रीमती विजय लक्ष्मी जोशी ने अपने जीवन को दिव्यांग जनों की सेवा और शिक्षा के लिए समर्पित कर दिया है। उनके पिता का नाम श्री भगत राम बिजलवान तथा माता का नाम श्रीमती विमला देवी है। प्राथमिक शिक्षा उन्होंने सरस्वती शिशु मंदिर से प्राप्त की!समृद्ध परिवार से संबंध रखने वाली श्रीमती जोशी ने प्रारंभ से ही शिक्षा के क्षेत्र में रुचि दिखाई। उन्होंने पुरोला और तुनाल्का गांव में विद्यालयों का संचालन किया।
सन 2003 में जब उन्होंने अपने विद्यालय में पढ़ रहे एक दिव्यांग बच्चे को देखा तो उससे प्रेरणा लेकर उन्होंने दिव्यांग शिक्षा की दिशा में कदम बढ़ाया। 2007 में NIVH (नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर द विजुअली हैंडीकैप्ड) देहरादून के सहयोग से उन्होंने 12 दृष्टिबाधित बच्चों का प्रवेश कराया। आज इन बच्चों में से 05 दिव्यांग विद्यार्थी सरकारी सेवाओं में कार्यरत है!
वर्ष 2021 में विद्यालय संचालन हेतु मिलने वाला सरकारी अनुदान बंद हो गया। इस कठिन परिस्थिति में श्रीमती जोशी ने हार नहीं मानी और विद्यालय को चलाने के लिए कर्ज लेकर भी संचालन जारी रखा। उनका मानना था कि यदि विद्यालय बंद हो जाता तो इन दिव्यांग बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो जाता!उनके मार्गदर्शन में न केवल दिव्यांग बच्चों को निशुल्क शिक्षा और आवासीय सुविधा दी जाती है, बल्कि उन्होंने कई निशुल्क सहायक उपकरण वितरण शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, नेत्र परीक्षण शिविर और दिव्यांग प्रमाण पत्र शिविर भी आयोजित कराए।
इस सेवा यात्रा में उनके पति वीरेंद्र दत्त जोशी ने हर कदम पर उनका साथ दिया है!उनके निरंतर प्रयासों को देखते हुए उन्हें अनेक पुरस्कार और सम्मान प्राप्त हुए हैँ!श्रीमती जोशी को 2018 में तिलाड़ी सम्मान,2019 के रवाई महोत्सव में जोत सिंह रावाटा सम्मान,अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जिलाधिकारी उत्तरकाशी द्वारा सम्मानित,शैल श्री सम्मान,2020 में हाईलेंडर पुरस्कार,सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस पर आमंत्रण,2021 में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, उत्तरकाशी द्वारा सम्मानित,इंद्र मणि बडोनी स्मृति उत्तराखंड गौरव सम्मान,2022 –नगर पंचायत अध्यक्ष, पुरोला से तिलाड़ी सम्मान समारोह,2024 –सेवा रत्न सम्मान से सम्मानित किया जा चूका है!
श्रीमती विजय लक्ष्मी जोशी ने यह साबित कर दिया है कि सच्ची निष्ठा और समर्पण से समाज की तस्वीर बदली जा सकती है। उनका संघर्ष और सेवा भाव न केवल उत्तरकाशी बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए प्रेरणास्रोत है।कल चार सितंबर को देहरादून में आयोजित एक समारोह में श्रीमती विजयलक्ष्मी जोशी को राज्य स्तरीय तिलू रौतेली पुरुस्कार से सम्मानित किया जायेगा!