जयप्रकाश बहुगुणा
बड़कोट/उत्तरकाशी
धरासु-ब्रह्मखाल-फूलचट्टी यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर संकरे व तंग हाल जगहों से अब कुछ समय बाद स्थानीय लोगों के साथ यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आने वाले श्रधांलुओं को छुटकारा मिलने वाला है!यदि सबकुछ तय समय पर हुआ तो आने वाले दो साल के अंतर्गत पालिगाड़ से जानकीचट्टी तक वाहनों को डबल लेन सड़क का लाभ मिलने वाला है!
शारदीय नवरात्रि पर्व शुभारम्भ के अवसर पर पाली गाड़ से जानकीचट्टी तक यमुनोत्री हाईवे-134 के चौड़ीकरण कार्य का विधिवत पूजा अर्चना के साथ शुभारंभ हो गया है। काफी संकरे और खस्ताहाल इस हाईवे के चौड़ीकरण से चारधाम यात्रा सुगम होगी और इस पर सफर करने वाले मुसाफिरों को भी जाम और जोखिम भरे अवगमन से राहत मिलेगी।नवरात्रि के प्रथम दिन को एस एंड पी इंफ्रास्ट्रक्चर एवं यशमिथा (जे.वी.) के सीनियर मैनेजर गोपाली श्रीनिवासुलु रेड्डी, विभागीय अधिकारियों एवं स्थानीय लोगों की उपस्थिति में विधिवत पूजा अर्चना तथा भूमि पूजन किया गया तथा हाईवे चौड़ीकरण के कार्य का शुभारंभ किया गया। पालीगाड़ से जानकीचट्टी तक 22.726 किलोमीटर हाईवे के इस एरिया का ऑलवेदर परियोजना के तहत 344 करोड़ रुपए की लागत से सड़क का चौड़ीकरण कार्य होगा, जिसमें 260 करोड़ का सिविल वर्क होगा।
पाली गाड़ से जानकीचट्टी तक सड़क काफी संकरी है, जिसके चौड़ीकरण की आस क्षेत्र के लोग काफी लंबे समय से लागये हुए थे और अब लोगों की यह आस जल्दी ही पूरी हो जाएगी। केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी चारधाम परियोजना के अंतर्गत ऋषिकेश से लेकर चारों धामों को जोड़ने वाले हाईवे का ऑल वेदर परियोजना के तहत चौड़ीकरण किया जाना है। इसमे यमुनोत्री धाम को जोड़ने वाला हाईवे भी शामिल है। यमुनोत्री हाईवे धरासू बैंड से लेकर पालीगाड़ तक तो हाईवे चौड़ा हो गया, लेकिन पालीगाड़ से जानकीचट्टी तक का यह एरिया कुछ विवादों के कारण चौड़ीकरण होने से छूट गया था, जिसका चौड़ीकरण के लिए अब विधिवत शुभारंभ हो गया है।
इस मौके पर एस एंड पी इंफ्रास्ट्रक्चर एवं यशमिथा (जे.वी.) के सीनियर मैनेजर गोपाली श्रीनिवासुलु रेड्डी, अखिलेश उनियाल, अभिषेक उनियाल मनीष चौहान, सागर राणा आदि उपस्थित रहे।विदित रहे कि यमुनोत्री धाम को जोड़ने वाला यह एकमात्र राष्ट्रीय राजमार्ग पालिगाड़ से जानकीचट्टी तक बेहद संकरा व सिंगल लेन होने के कारण यहां यात्रा सीजन में घंटो जाम लगता है, जिससे यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आये श्रधांलुओं के साथ साथ स्थानीय लोगों को भी परेशानियों से जूझना पड़ता है!राजमार्ग के उक्त हिस्से के चौडीकरण से यहां आये दिन लगने वाले जाम से निजात मिलेगी व सड़क दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा!