जयप्रकाश बहुगुणा
*उत्तरकाशी*
सोमवार को स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा के अवसर पर “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत सुदूरवर्ती क्षेत्र प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौंतरी में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य प्रियंका रावत, क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ बी एस रावत एवं अपर निदेशक प्रो रविन्द्र सिंह बिष्ट द्वारा किया गया।
इस अवसर पर राजकीय दून मेडिकल कॉलेज देहरादून की टीम में ईएनटी डॉ रविन्द्र सिंह बिष्ट, जनरल मेडिसिन विभाग डॉ. अरुण पांडेय, जनरल सर्जरी विभाग डॉ. गुलशेर, नेत्र रोग विभाग प्रो. (डॉ.) सुशील ओझा, अस्थि रोग विभाग डॉ.मानवेन्द्र सिंह रावत, मेडिसन विभाग डॉ राहुल आदि द्वारा गाजना क्षेत्र की आम जनता को चिकित्सा सेवाएं प्रदान की गई।
निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 301 से अधिक लोगों का निशुल्क उपचार एवं जांच की गई। विशेषज्ञों चिकित्सकों द्वारा ई एन टी में 47 लोगों की वहीँ नेत्र रोग में 31 लोगों, जनरल मेडिसन एवं फिजिशियन में कुल 135 लोगों, जनरल सर्जन विभाग में 30 लोगों , अस्थि रोग विभाग में 58 लोगों का निशुल्क उपचार किया गया। इसके अतिरिक्त जनपद की स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा 130 एनसीडी स्क्रीनिंग, टी बी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 28 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। साथ ही 15 लोगों द्वारा रक्तदान हेतु पंजीकरण करवाया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा बताया गया कि स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत जनपद की समस्त चिकित्सा इकाइयों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में 02 अक्टूबर तक निशुल्क स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन स्वास्थ्य शिविरों का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्र के ग्रामीणों को नि:शुल्क परामर्श, प्रारंभिक उपचार, जाँच सुविधाएँ उपलब्ध कराना एवं जनपद के अंतिम छोर तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ पहुंचाना है।
चिकित्सा शिविर में स्वास्थ्य विभाग से जिला कार्यक्रम प्रबन्धक हरदेव सिंह राणा, अनिल बिष्ट, ज्ञानेंद्र पंवार, कमल भंडारी, रघुवीर कंडारी, मीनाक्षी, तरुण एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि,ग्राम प्रधान धौतरी कुसुम बहुगुणा, तेजपाल रावत ग्राम प्रधान सीरी आदि उपस्थित रहे।