
जयप्रकाश बहुगुणा
बड़कोट/उत्तरकाशी
राजकीय आदर्श बालिका इंटर कॉलेज बड़कोट में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ भव्यता से किया गया।
इस अवसर पर छात्राओं को विधिक अधिकारों, सुरक्षा कानूनों, आत्मनिर्भरता एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने रवांई, जौनपुरी और हिमाचली गीतों पर लोक नृत्य, कविता एवं एकल गीत की मनमोहक प्रस्तुतियाँ देकर सभी का मन मोह लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ उपजिलाधिकारी बृजेश कुमार तिवारी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
प्राधिकरण के पीएलवी सुनील थपलियाल ने बालिकाओं एवं महिलाओं के विधिक अधिकारों के साथ-साथ डालसा (DLSA) द्वारा दी जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता सेवाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
उपजिलाधिकारी बृजेश कुमार तिवारी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि “बालिकाओं को शिक्षित, आत्मनिर्भर और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए। प्रशासन व पुलिस सदैव उनकी सहायता के लिए तत्पर हैं।
मुख्य वक्ता डॉ. अंजू भट्ट,राजकीय महाविद्यालय बड़कोट ने बालिकाओं के अधिकारों के साथ-साथ गुड टच-बैड टच पर उपयोगी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि “लड़कियाँ दो-दो घरों को रोशन करती हैं, इसलिए उन्हें शिक्षा के साथ आत्मविश्वास से आगे बढ़ना चाहिए।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़कोट से डॉ. स्मृति रावत ने छात्राओं को स्वास्थ्य एवं हार्मोनल बदलाव के दौरान सावधानियों के प्रति जागरूक किया।थाना बड़कोट से दरोगा दिगपाल सिंह ने बालिकाओं को बालिका संरक्षण कानून, पॉक्सो एक्ट और 112 व 100 नंबर के माध्यम से त्वरित सहायता प्राप्त करने की जानकारी दी।
न्यायिक विभाग से अनोज रावत ने बालिका सुरक्षा पर चर्चा करते हुए ‘रवाल्टी’ शीर्षक से प्रेरणादायक कविता प्रस्तुत की, जिससे कार्यक्रम में उपस्थित छात्राएँ भावविभोर हो उठीं।पीटीए अध्यक्ष गीताराम गैरोला ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “बालिकाओं को अपने अधिकारों और सुरक्षा के लिए सदैव वीरांगनाओं की तरह सजग रहना चाहिए।”प्रधानाचार्य शोभना थापा ने अतिथियों द्वारा दिए गए संदेशों को जीवन में अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि “जब बालिका सशक्त होगी तभी समाज सशक्त बनेगा।”
कार्यक्रम में एसडीएम बृजेश कुमार तिवारी, तहसीलदार प्रभारी सुखवीर असवाल, डॉ. अंजू भट्ट, डॉ. स्मृति रावत, अनोज सिंह, गीताराम गैरोला, सतीश भूषण, सुरेश, पीएलवी सुनील थपलियाल, महावीर विष्ट, सकलचंद, मुकेश, अनुराधा चौहान, उर्मिला, प्रियंका रावत, सोनिबाला, रेखा, दिव्या रावत, साक्षी पंवार, आयशा रावत, सुरेश, सुराज, शमा बानो, हिमानी, रेनु, दीपा रानी, संगीता, सोनी, विजयपाल सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं 300 से अधिक छात्राएँ उपस्थित रहीं।कार्यक्रम का संचालन सुनील थपलियाल ने किया।