उत्तराखंड Express ब्यूरो
उत्तरकाशी
उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा के अध्यक्ष बॉबी पंवार ने सोमवार को गढ़वाल मंडल विकास निगम उत्तरकाशी के सभागार में एक प्रेस वार्ता की जिसमें उत्तरकाशी जनपद के जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी श्री विजय प्रताप भंडारी पर भ्र्ष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए गये। बॉबी पंवार ने कहा कि उक्त अधिकारी द्वारा नियम कायदों को दरकिनार कर बड़ी मात्रा में चाचा भतीजावाद करके राजनैतिक सह लेकर नियमविरुद्ध नियुक्तियां की व जवानों को दिए जाने वाले विभागीय लाभों में भी बड़ी मात्रा में भ्रष्टाचार किया तथा खेलकूद महोत्सव में लाभार्थियों को मिलने वाले लाभों में भी बड़ी मात्रा में भ्रष्टाचार किया व कार्यालय सामग्री खरीद में भी बड़ी मात्रा में भ्रष्टाचार किया है। पंवार ने कहा कि उक्त अधिकारी 2016 से एक ही स्थान पर तैनात है साथ ही अधिकारी का वरिष्ठ सहायक श्री राजकुमार भी लगभग 10 वर्षों से इसी कार्यालय में तैनात है जो दो बार एक ही जगह पर तैनात रहकर प्रमोशन का लाभ ले चुके हैं।
बॉबी पंवार ने कहा कि सूचना के अधिकार अधिनियम 2005 के तहत ली गई सूचना से ज्ञात होता है कि उक्त अधिकारी लम्बे समय से अलग-अलग माध्यम से भ्रष्टाचार कर रहा है और कुछ नेता और अधिकारी इसे बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रेस वार्ता के बाद जिला युवा कल्याण अधिकारी एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी के कार्यालय में पंवार द्वारा तालाबंदी की गई। तालाबंदी के बाद कार्यालय के बाहर धरना शुरू कर दिया और मांग की है कि उक्त अधिकारी को तत्काल पद से हटाकर इनके खिलाफ जांच शुरू हो। दोषी पाए जाने की दशा में आवश्यक कानूनी कार्रवाई हो।