उत्तराखंड Express ब्यूरो
पौड़ी गढ़वाल
पौड़ी में गुलदार की दहशत लगातार बनी हुई है, यहां आज सुबह गुलदार ने एक ब्यक्ति निवाला बना दिया, घटना से लोगों में भय के साथ आक्रोश ब्याप्त है!गढ़वाल वन प्रभाग क्षेत्र में एक बार फिर गुलदार की सक्रियता बढ़ने से दहशत का माहौल बन गया है। गुरुवार सुबह गुलदार ने एक नेपाली मूल के मजदूर पर हमला कर उसे अपना निवाला बना लिया। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
ग्राम प्रधान बाड़ा नवदीप सिंह बिष्ट ने बताया कि मृतक की पहचान 50 वर्षीय लक्ष्मण साही, निवासी बड़ा गांव, जिला करनाली, प्रदेश सालियान (नेपाल) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में बाड़ा गांव, ब्लॉक पौड़ी में रहकर मजदूरी का काम करता था। गुरुवार सुबह लक्ष्मण गांव के धारे में नहाने गया था। नहाने के बाद घर लौटते समय घात लगाए गुलदार ने उस पर हमला कर दिया।
घटना की जानकारी उस समय हुई जब ग्रामीणों को रास्ते में खून के धब्बे और लक्ष्मण की जैकेट गिरी हुई मिली। इसके बाद ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की, जिसमें धारे के पास झाड़ियों में लक्ष्मण का अधखाया शव बरामद हुआ। इसके बाद तुरंत प्रशासन और वन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर प्रशासन और वन विभाग की टीम करीब साढ़े आठ बजे मौके पर पहुंची, लेकिन घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गुलदार को आदमखोर घोषित कर उसे शूट करने की मांग को लेकर सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब छह घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद दोपहर एक बजे गुलदार को आदमखोर घोषित किए जाने का आदेश जारी हुआ, जिसके बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया।इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
वहीं डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव ने बताया कि गुलदार को आदमखोर घोषित कर दिया गया है और अंतिम विकल्प के रूप में उसे शूट करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
प्रदर्शन के दौरान विनोद दनोशी, भास्कर बहुगुणा, गौरव चंदोला सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि करीब एक माह पूर्व भी इसी क्षेत्र से कुछ दूरी पर स्थित गलज्ड गांव में गुलदार एक व्यक्ति को अपना शिकार बना चुका है।