महेन्द्र सिंह तोमर
चकराता/देहरादून
चकराता क्षेत्र में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला चकराता के खरोडा क्षेत्र का है, जहां गुलदार ने एक दर्जन से अधिक बकरियों को अपना निवाला बना लिया। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार गुलदार रात के समय बाड़े में घुसा और कई बकरियों को मार डाला, जबकि कुछ बकरियां घायल भी हुई हैं। पशुपालकों को इस घटना से भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द से जल्द मुआवजा देने की मांग की है, साथ ही गुलदार को पकड़ने या क्षेत्र से दूर सुरक्षित स्थान पर भेजने की भी मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता।
वन विभाग की टीम द्वारा क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग करते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की अपील की है।