उत्तराखंड Express ब्यूरो
रुद्रप्रयाग
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले का लाल देश सेवा में अपना सर्वश्व बलिदान कर गया है!15 गढ़वाल राइफल्स में तैनात हवलदार रविन्द्र सिंह (पुत्र श्री सतेंद्र सिंह राणा, पूर्व ग्राम प्रधान आगर ), निवासी ग्राम आगर, दशज्यूला, दिनांक 18 जनवरी 2026 को अरुणाचल प्रदेश में मातृभूमि की सेवा करते हुए वीरगति को प्राप्त हो गए। शहीद की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
शहीद जवान का पार्थिव शरीर आज 19 जनवरी 2026 की रात्रि में रुद्रप्रयाग आर्मी कैंप लाया जाएगा। 20 जनवरी 2026 को प्रातः 7 बजे पूरे सैन्य सम्मान के साथ पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव आगर, दशज्यूला अंतिम दर्शन हेतु लाया जाएगा। इसके पश्चात रुद्रप्रयाग संगम पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकसंतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।