*शहादत : जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ आतंकवादी मुठभेड़ में उत्तराखंड का लाल शहीद, आज गृहक्षेत्र में पहुंचेगा पार्थिव शरीर*

 

उत्तराखंड Express ब्यूरो

बागेश्वर

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में आतंकवादियों के खिलाफ चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान उत्तराखंड का एक वीर सपूत देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गया। शहादत की खबर मिलते ही बागेश्वर जनपद सहित पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई।

कपकोट के बीथी गांव निवासी हवलदार गजेंद्र सिंह गढ़िया (43) टू-पैरा कमांडो में तैनात थे। रविवार को किश्तवाड़ के छात्रू क्षेत्र अंतर्गत दूरस्थ सिंहपोरा इलाके में चल रहे संयुक्त अभियान ‘ऑपरेशन त्राशी’ के दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर ग्रेनेड से हमला कर दिया। इस हमले में हवलदार गजेंद्र सिंह गढ़िया वीरगति को प्राप्त हो गए।

शहीद जवान अपने पीछे पिता धन सिंह गढ़िया, माता चंद्रा देवी, पत्नी लीला गढ़िया, दो पुत्र राहुल और धीरज तथा छोटे भाई किशोर गढ़िया को छोड़ गए हैं। गांव और परिवार में गम का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, शहीद का पार्थिव शरीर मंगलवार को हेलीकॉप्टर के माध्यम से कपकोट के केदारेश्वर मैदान लाया जाएगा। इसके बाद सरयू–खीरगंगा नदी के संगम पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

शहादत की सूचना मिलते ही पत्नी लीला गढ़िया देहरादून से गांव के लिए रवाना हुईं। इस दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें हेलीकॉप्टर से गरुड़ के मेलाडुंगरी हेलीपैड लाया गया। जवान के बलिदान की खबर सुनते ही शहीद के घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लग गया।
हवलदार गजेंद्र सिंह गढ़िया ने प्रारंभिक शिक्षा गांव के विद्यालय से प्राप्त की थी। उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज कपकोट से इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की और स्नातक प्रथम वर्ष के दौरान वर्ष 2004 में भारतीय सेना में भर्ती हुए। देश सेवा के प्रति उनका साहस और समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा।

सीएम धामी ने जताया शोक

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के वीर सपूत और बागेश्वर जनपद निवासी हवलदार गजेंद्र सिंह गढ़िया के शहीद होने पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है, जिस पर पूरे प्रदेश को गर्व है।

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में शहीद के परिजनों के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *