*उत्तरकाशी ब्रेकिंग : दस हजार की घूस लेते हुए पीडब्लूडी का अमीन रंगे हाथ गिरफ्तार

 

जयप्रकाश बहुगुणा

*उत्तरकाशी*

उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की सख्त नीति के बीच विजिलेंस विभाग ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की है। लोक निर्माण विभाग (PWD) के अमीन टीका राम नौटियाल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी भटवाड़ी कैंप कार्यालय, प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग, उत्तरकाशी से संबंधित मामले में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सड़क निर्माण के दौरान कटान हुई भूमि के मुआवजे की प्रक्रिया में ₹10,000 की रिश्वत मांगने का आरोप अमीन टीका राम नौटियाल पर था। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने तुरंत प्राथमिक जांच शुरू की और ठोस साक्ष्य जुटाने के लिए जाल बिछाया!
विजिलेंस टीम ने आज योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके पर ही उसे हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और आगे की जांच के लिए संबंधित कार्यालय ले जाया गया।
सरकारी महकमों में मची हलचल
इस कार्रवाई के बाद लोक निर्माण विभाग सहित अन्य सरकारी विभागों में सख्त सतर्कता दिखाई दे रही है। अधिकारी और कर्मचारी सावधान नजर आ रहे हैं, वहीं आम जनता ने इस कदम को सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार ने साफ किया है कि राज्य में भ्रष्टाचार को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विजिलेंस की इस कार्रवाई की सरकार ने प्रशंसा की है और कहा है कि दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।
विजिलेंस विभाग ने यह भी बताया कि मामले की गहन जांच चल रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि कहीं इस तरह की गतिविधियों में अन्य लोग भी शामिल तो नहीं हैं। जरूरत पड़ने पर और गिरफ्तारियां भी की जा सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *