उत्तराखंड Express ब्यूरो
रुद्रप्रयाग
रुद्रप्रयाग जनपद के गुप्तकाशी नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ह्यून गांव (नाला वार्ड) में एक बेहद दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। यहां 33 केवी सोनप्रयाग हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही झुलसकर मौत हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ह्यून गांव निवासी 40 वर्षीय विनीता देवी पत्नी कुशालानंद तिवारी अपने मवेशियों के लिए चारापत्ती काटने के उद्देश्य से पेड़ पर चढ़ी थीं। इसी दौरान वह पेड़ की टहनी दरांती से काट रही थीं।बताया जा रहा है कि टहनी टूटकर पास से गुजर रही 33 केवी हाईटेंशन लाइन के तारों पर अटक गई। जब विनीता देवी ने टहनी को हटाने का प्रयास किया, तो उनका हाथ तारों की चपेट में आ गया और उन्हें तेज विद्युत झटका लगा।
करंट लगते ही महिला बुरी तरह झुलस गई और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।