उत्तराखंड Express ब्यूरो
देहरादून
उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा को लेकर शासन स्तर पर तैयारियां तेज़ हो गई हैं। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सचिव पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि अप्रैल और मई में शुरू होने वाली यात्रा के लिए विभाग अभी से सक्रिय है। यात्रा मार्ग मुख्य रूप से नेशनल हाईवे से जुड़ा है, जिस पर BRO,NHIDCL और राज्य पीडब्ल्यूडी जैसी एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं। सचिव पांडेय ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण काम रुका हुआ है, लेकिन अन्य हिस्सों में सड़कों की मरम्मत और सुधार का कार्य निरंतर जारी है।
यात्रा शुरू होने से एक-दो महीने पहले विभाग विशेष अभियान चलाकर सड़कों से मलबा (स्लिप) हटाने और गड्ढामुक्त करने का काम पूरा कर लेगा। सचिव ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। डेंजर ज़ोन के चिन्हीकरण और सड़कों की सुरक्षा को लेकर भी अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि चारधाम यात्रा सुरक्षित और सुगम तरीके से संपन्न हो सके।