उत्तराखंड Express ब्यूरो
देहरादून
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश के न्यायिक चिकित्सा एवं विष विभाग के सहायक प्रोफेसर डाॅ.दिलीप वैष्णव ने साईं सृजन पटल मासिक पत्रिका के 18वें अंक का विमोचन किया। रविवार को जोगीवाला स्थित साईं सृजन पटल के कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में डाॅ.वैष्णव ने पत्रिका का विमोचन कर संपादक मण्डल को शुभकामनाएं दी। कहा कि साईं सृजन पटल पत्रिका जहां एक ओर उत्तराखंड की समृद्ध विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य कर रही है,वहीं दूसरी ओर पत्रिका में प्रकाशित लेखों के माध्यम से जनजागरण के प्रति भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। पटल के संस्थापक और पत्रिका के मुख्य संपादक सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रो.के.एल.तलवाड़ ने बताया कि यह पत्रिका के निरंतर प्रकाशन का 18वां अंक है। इसके साथ ही पत्रिका ने सहयोगी लेखकों और पाठकों के सहयोग से डेढ वर्ष का सफर सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है,जिसे एक उपलब्धि के रूप में देखा जाना चाहिए। पत्रिका लेखन और सृजन के उन्नयन के जिस उद्देश्य को लेकर प्रारंभ की गई थी,वह पूरा होता दिख रहा है। उप संपादक अंकित तिवारी ने कहा कि पत्रिका के प्रत्येक अंक में उत्तराखंड के धार्मिक और साहसिक पर्यटन के साथ-साथ पर्व-त्योहार, गढ़भोज, ज्ञानवर्धक लेखों और युवाओं की सफलता की कहानियों के समावेश ने इसे और अधिक समृद्ध बनाया है। प्रबुद्ध पाठकों को प्रत्येक माह के अंत में पत्रिका के नवीनतम अंक की प्रतीक्षा रहती है। इस अवसर पर डाॅ.दिलीप वैष्णव को पत्रिका में लेखन सहयोग के लिए लेखक श्री सम्मान से सम्मानित करते हुए स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। इस अवसर पर लेखिका नीलम तलवाड़, इंसाइडी क्रिएटिव मीडिया के सीईओ अक्षत व ऋषभ मल्होत्रा सहित तमाम लोग मौजूद रहे।