*युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण शिविर में कर्णप्रयाग कॉलेज के रोवर्स ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन*

 

उत्तराखंड Express ब्यूरो

कर्णप्रयाग/चमोली

भारत स्काउट एवं गाइड्स प्रादेशिक केंद्र, भोपाल पानी (देहरादून) में 28 जनवरी से 3 फरवरी तक आयोजित युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस एक सप्ताहीय प्रशिक्षण शिविर में राज्य के विभिन्न महाविद्यालयों के प्रतिभागियों के साथ-साथ डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग के चार रोवर — आयुष, आदित्य, आयुष्मान व जगदीश ने सक्रिय सहभागिता करते हुए यह प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण किया।
प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों को आपदा की परिभाषा, प्रकार, जोखिम संवेदनशीलता, आपदा प्रबंधन की अवधारणा, रोकथाम, शमन, तैयारी, प्रतिक्रिया, पुनर्वास एवं पुनर्प्राप्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही प्राथमिक उपचार, बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS), सीपीआर, हृदयघात, रक्तस्राव, जलने एवं दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की प्रारंभिक देखभाल का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
यह प्रशिक्षण एस.डी.आर.एफ. के अनुभवी प्रशिक्षक श्री मनीष उनियाल एवं श्री सुमित तोमर, अग्निशमन विभाग से संदीप यादव, एल.एफ.एम. कुमारी रश्मि रतूड़ी तथा डब्लू.एफ.एम. श्रीमती अंजलि डबराल द्वारा दिया गया। चिकित्सा संबंधी प्रशिक्षण डॉ. जगदीश पिंगले द्वारा प्रदान किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को आपदा की स्थिति में सक्षम, प्रशिक्षित एवं जिम्मेदार स्वयंसेवक के रूप में तैयार करना रहा, ताकि वे समाज और राष्ट्र की सेवा में प्रभावी भूमिका निभा सकें। कर्णप्रयाग महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रामअवतार सिंह एवं रोवर/रेंजर प्रभारी डॉ. हरीश चंद्र रतूड़ी ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले चारों रोवर्स को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा इसे महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *