*पीएमश्री कमलाराम नौटियाल राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज में हुआ ‘विज्ञान मंडल’ पत्रिका का विमोचन*

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

*उत्तरकाशी*

राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के पूर्व संध्या पर पीएमश्री कमलाराम नौटियाल राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज, धौंतरी में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस गौरवशाली अवसर पर विद्यालय की वार्षिक विज्ञान पत्रिका ‘विज्ञान मंडल’ का विधिवत विमोचन किया गया। यह पत्रिका छात्र-छात्राओं के वैज्ञानिक शोध, नवाचार और उनकी रचनात्मक प्रतिभा का एक अनूठा संगम है। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य शांति प्रसाद नौटियाल ने महान भारतीय वैज्ञानिक और नोबेल पुरस्कार विजेता सर सी.वी. रमन को नमन किया। विज्ञान दिवस के अवसर पर संबोधित करते हुए उन्होंने कहा: कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को जिज्ञासा, नवाचार और अनुसंधान के प्रति प्रेरित करना है। ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों में अपार नैसर्गिक प्रतिभा होती है, जिसे ‘विज्ञान मंडल’ जैसी पत्रिकाएं एक सशक्त मंच प्रदान कर वैश्विक पहचान दिलाने का कार्य करती हैं। पत्रिका के संपादक डॉ. शंभू प्रसाद नौटियाल ने संपादन के अनुभवों को साझा करते हुए वर्ष 2026 की थीम “विज्ञान में महिलाएं: विकसित भारत को उत्प्रेरित करना” पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस अंक में बाल वैज्ञानिकों ने दैनिक जीवन में विज्ञान, जलवायु परिवर्तन, सतत विकास और आधुनिक तकनीक जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने मौलिक विचार और शोध प्रस्तुत किए हैं। पत्रिका में थीम आधारित प्रस्तुति: ‘विकसित भारत’ में महिलाओं के वैज्ञानिक योगदान पर विशेष चर्चा शामिल है। इस अवसर पर भौतिक विज्ञान के शिक्षक अनिल सेमल्ट , डॉ. अचला चन्दोक, राजेश पनियाल, कुलदीप विष्ट, अरुण नौटियाल, शिवम बहुखंडी व विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और विज्ञान के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने इस पत्रिका को विद्यालय की एक शानदार उपलब्धि बताते हुए विद्यालय परिवार को बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *