*उत्तराखंड चारधाम यात्रा 2026:- यात्रा मार्ग की स्वास्थ्य व्यवस्थाएं होंगी चाक-चौबंद, सीएमओ ने दिए आवश्यक निर्देश, यमुनोत्री यात्रा मार्ग स्वास्थ्य ब्यवस्थाओं को लेकर ली बैठक*

 

*जयप्रकाश बहुगुणा*
*नौगांव /उत्तरकाशी*

 

आगामी 19 अप्रैल 2026 को गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम में चारधाम यात्रा प्रारंभ होने के दृष्टिगत सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ बी.एस. रावत की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ रोहित भंडारी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जानकीचट्टी के नोडल अधिकारी डॉ हरदेव पंवार, डॉ जयवीर बिष्ट, फार्मासिस्ट प्रेम भारती सहित अन्य स्वास्थ्य कार्मिक उपस्थित रहे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ बी.एस. रावत ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि इस माह के अंत तक यात्रा मार्ग पर पड़ने वाली सभी चिकित्सा इकाइयों की व्यवस्थाएं पूर्ण रूप से चाक-चौबंद कर ली जाएं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया कि 10 दिन के भीतर एक चिकित्सा दल गठित कर यात्रा मार्ग पर स्थित सभी चिकित्सा इकाइयों का निरीक्षण करना सुनिश्चित करें जिसमें एम्बुलेंस की फिटनेस, ऑक्सीजन सिलेंडर, आवश्यक उपकरणों और जीवनरक्षक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। आवश्यक दवाओं की आपूर्ति हेतु जनपद मुख्यालय को समय से मांगपत्र प्रेषित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में डॉ हरदेव पंवार द्वारा अवगत कराया गया कि जानकीचट्टी चिकित्सालय में जेनरेटर अभी तक इंस्टॉल नहीं किया गया है, जिस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने निर्देश दिए कि इसी माह जेनरेटर को सुचारू रूप से स्थापित किया जाए।
इसके अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक को स्क्रीनिंग केंद्र दोबाटा में स्क्रीनिंग रोस्टर तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जानकीचट्टी में फार्मासिस्टो की 15-15 दिन की तैनाती का रोस्टर तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ बी.एस. रावत ने बताया कि 17 अप्रैल से स्क्रीनिंग केंद्र दोबाटा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जानकीचट्टी में स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से संचालित की जाएंगी एवं उसी दिन से यमुनोत्री पैदल मार्ग पर एफ एम आर की तैनाती कर ली जाएगी। उन्होंने कहा कि यमुनोत्री धाम में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्वेश्य से प्री-फैब्रिकेटेड भवन के निर्माण हेतु कार्यदायी संस्था लघु सिंचाई को 35 लाख रुपये उपलब्ध करा दिए गए हैं। इस भवन के प्रथम तल पर चिकित्सालय तथा द्वितीय तल पर चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के रहने की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों को बेहतर एवं त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *