उत्तराखंड Express ब्यूरो
अल्मोड़ा
अल्मोड़ा जनपद के सल्ट क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कूपी बेंड के पास एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 60 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।जानकारी के अनुसार 14 मार्च 2026 को सुबह लगभग 07:25 बजे पुलिस को सूचना मिली कि कूपी बेंड के पास एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गया है।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह पुलिस टीम और रेस्क्यू उपकरणों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।मौके पर पहुंचकर देखा गया कि वाहन संख्या UK-19B-0880 गहरी खाई में गिरा हुआ था और उसमें एक व्यक्ति फंसा हुआ था।
पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर व्यक्ति को वाहन से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।मृतक की पहचान सुभाष सिंह बिष्ट (35 वर्ष) पुत्र धीरेंद्र सिंह बिष्ट निवासी कचनाल गाजी, बिजली घर के पास, काशीपुर (जिला ऊधम सिंह नगर) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मूल रूप से ग्राम सुनवर्मा तल्ला, पटवारी क्षेत्र गुजडू, तहसील धुमाकोट, जिला पौड़ी गढ़वाल के निवासी थे और वर्तमान में पीएनबी बैंक थलीसैंण में हेड कैशियर के पद पर तैनात थे।
पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।