जयप्रकाश बहुगुणा
*उत्तरकाशी*
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (यूओयू) के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी का उत्तरकाशी आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय निदेशक डॉ. प्रो. मधु थपलियाल ने उनके शैक्षणिक योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रो. लोहनी ने देश-विदेश में हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी 12 पुस्तकें और 85 से अधिक शोध आलेख प्रकाशित हो चुके हैं, जो उनके व्यापक ज्ञान और अनुभव को दर्शाते हैं।
बागेश्वर जिले के पचार गांव के निवासी प्रो. लोहनी का तीन दशकों से अधिक का शिक्षण अनुभव रहा है। वे स्विट्जरलैंड के लौजान विश्वविद्यालय में रबींद्रनाथ टैगोर चेयर तथा चीन के शंघाई अंतरराष्ट्रीय अध्ययन विश्वविद्यालय में आईसीसीआर चेयर के अंतर्गत विजिटिंग प्रोफेसर भी रह चुके हैं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य “उच्च शिक्षा आपके द्वार” के तहत दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण, रोजगारपरक और किफायती शिक्षा पहुँचाना है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, कुलपति प्रो. लोहनी एवं डॉ. मधु थपलियाल द्वारा पीएम श्री कमलाराम नौटियाल राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज, धौंतरी की विज्ञान पत्रिका विज्ञान मण्डल के जल दिवस विशेषांक का विमोचन भी किया गया। पत्रिका के संपादक डॉ. शम्भू प्रसाद नौटियाल ने बताया कि यह विशेषांक जल संकट, हिमालयी पारिस्थितिकी और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को आमजन तक पहुँचाने का प्रयास है, जिससे विद्यार्थियों में वैज्ञानिक चेतना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता विकसित हो सके।
जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान ने कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय राज्य के सीमांत एवं दुर्गम क्षेत्रों जैसे उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ के लिए उच्च शिक्षा का सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। इसके अध्ययन केंद्रों के माध्यम से किफायती, दूरस्थ और ऑनलाइन शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे महिलाओं, जनजातीय समुदायों और दूरदराज के वंचित वर्गों को घर बैठे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।
कार्यक्रम में समाजसेवी मुरारी लाल भट्ट, राजकीय शिक्षक संघ के जिलामंत्री बलवंत असवाल, पूर्व अध्यक्ष अतोल महर, प्राध्यापक डॉ. अनिल कंडारी, डॉ. ममता ध्यानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।