जयप्रकाश बहुगुणा
*उत्तरकाशी*
प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” थीम कार्यक्रम के अंतर्गत आज जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी स्थित ब्लड बैंक में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद के युवाओं और नागरिकों में भारी उत्साह देखने को मिला, जहाँ 27 लोगों ने भविष्य में रक्तदान हेतु अपना पंजीकरण कराया। शिविर के दौरान स्वेच्छा से आगे आए 04 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर इस अभियान को सफल बनाया और मानवता की सेवा का संकल्प लिया।
रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एस. रावत एवं जिला चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक डॉ. पी.एस. पोखरियाल द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने रक्तदाताओं को सम्मान पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके इस निस्वार्थ योगदान की सराहना की। डॉ. रावत ने इस अवसर पर कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है और सरकार के इन चार वर्षों की सेवा के संकल्प को हम स्वास्थ्य और सेवा के माध्यम से जन-जन तक पहुँचा रहे हैं। डॉ. पोखरियाल ने सभी रक्तदाताओं को शुभकामनाएँ देते हुए अन्य नागरिकों से भी इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने की अपील की।