जयप्रकाश बहुगुणा
*बड़कोट /उत्तरकाशी*
राजकीय महाविद्यालय, बड़कोट में मंगलवार को प्राचार्य की अध्यक्षता में “प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन प्राइम मिनिस्टर इंटर्नशिप के नोडल अधिकारी आशीष नौटियाल द्वारा किया गया, जिसका उद्देश्य छात्रों को योजना की जानकारी प्रदान करना एवं उन्हें इंटर्नशिप के अवसरों से जोड़ना था। इस कार्यशाला के माध्यम से छात्रों को व्यावहारिक अनुभव के महत्व, रोजगारोन्मुखी कौशल के विकास तथा उद्योगों से जुड़ने के अवसरों के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में योजना की प्रमुख विशेषताओं जैसे विभिन्न क्षेत्रों में इंटर्नशिप के अवसर, हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण, प्रमाण पत्र तथा संभावित स्टाइपेंड के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही पात्रता मानदंड के अंतर्गत स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा एवं कौशल आधारित पाठ्यक्रमों के छात्रों की भागीदारी तथा निर्धारित आयु सीमा के बारे में बताया गया। कार्यशाला के दौरान पंजीकरण एवं आवेदन प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन करते हुए छात्रों को ऑनलाइन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन
, प्रोफाइल निर्माण, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने तथा इंटर्नशिप के लिए आवेदन करने की पूरी प्रक्रिया समझाई गई। कार्यक्रम में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने प्रश्नों के माध्यम से योजना को बेहतर ढंग से समझा। इस कार्यशाला के माध्यम से छात्रों को कार्य अनुभव प्राप्त करने, कौशल विकास, बेहतर रोजगार के अवसर एवं प्रोफेशनल नेटवर्किंग जैसे महत्वपूर्ण लाभों के बारे में जागरूक किया गया। अंततः कार्यशाला सफलतापूर्वक संपन्न हुई तथा छात्रों में योजना के प्रति सकारात्मक उत्साह देखा गया, जो उनके भविष्य के करियर निर्माण में सहायक सिद्ध होगा। कार्यक्रम के अंत में सभी अपस्थित प्रतिभागियों एवं प्राध्यापकों (डॉ संगीता रावत, डॉ पूजा चौहान, और डॉ प्रश्ना मिश्रा का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।