जयप्रकाश बहुगुणा
उत्तरकाशी
भारत की आगामी जनगणना-2027 के सफल संचालन हेतु जनपद उत्तरकाशी में तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला मजिस्ट्रेट/मुख्य जनगणना अधिकारी प्रशांत आर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) का कार्य उत्तराखंड राज्य में 25 अप्रैल 2026 से 24 मई 2026 के मध्य संचालित किया जाएगा।
इस बार जनगणना प्रक्रिया को आधुनिक और सुलभ बनाने के लिए नागरिकों को पहली बार ‘स्व-गणना’ का विकल्प दिया जा रहा है।नागरिक 10 अप्रैल 2026 से 24 अप्रैल 2026 तक (15 दिनों हेतु) स्वयं अपनी जानकारी पोर्टल पर दर्ज कर सकते हैं! जनगणना की जानकारी भरने के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए पोर्टल https://se.census.gov.in का उपयोग करना होगा। मकान सूचीकरण हेतु प्रगणक 25 अप्रैल से 24 मई के बीच घर-घर जाकर डेटा संकलित करेंगे।
नागरिक दिए गए सरल चरणों का पालन कर घर बैठे अपनी गणना कर सकते हैं!पोर्टलhttps://se.census.gov.in पर जाएं और अपने राज्य का चयन कर कैप्चा कोड भरें।परिवार के मुखिया का नाम और 10 अंकों का मोबाइल नंबर दर्ज कर पंजीकरण करें।भाषा का चयन करें और ओटीपी के माध्यम से सत्यापन करें!अपने जिले, पिन कोड और स्थानीय क्षेत्र (ग्राम/नगर) की जानकारी भरें।मानचित्र पर अपने निवास स्थान को चिह्नित करें।मकान सूचीकरण प्रश्नावली को भरकर सबमिट करें।डाटा सबमिट होने पर आपको एक SE ID प्राप्त होगी।प्रगणक को SE ID प्राप्त होने पर प्रगणक द्वारा डेटा सत्यापित किया जायेगा।जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने जनपद के सभी सम्मानित नागरिकों, गणमान्य व्यक्तियों और प्रबुद्धजनों से अपील की है कि वे राष्ट्र निर्माण के इस महत्वपूर्ण कार्य में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करें। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में पोर्टल के माध्यम से ‘स्व-गणना’ करने तथा घर पर आने वाले प्रगणकों/पर्यवेक्षकों को अवश्यक जानकारी देकर सहयोग करने का आग्रह किया है।