देहरादून: डीएवी पीजी कॉलेज में छात्रसंघ समारोह के दौरान युवक ने छात्र पर किया चाकू से हमला, छात्र गंभीर

 

उत्तराखंड Express ब्यूरो 

देहरादून

देहरादून के डी ए वी पीजी कॉलेज देहरादून में शनिवार को छात्रसंघ समारोह के दौरान उस समय अफरातफरी मच गई, जब सांस्कृतिक कार्यक्रम के बीच एक छात्र पर अचानक चाकू से हमला कर दिया गया। कुछ ही पलों में उत्सव का माहौल दहशत में बदल गया और पंडाल में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना दोपहर करीब 12:30 बजे की है। कॉलेज परिसर में कार्यक्रम चल रहा था और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के गीतों पर डांस कर रहे थे। इसी दौरान काली शर्ट पहने एक युवक भीड़ में घुसा और नाच रहे एक छात्र पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में छात्र गौरव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके दाहिने हाथ पर चार गहरे घाव बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कई छात्र-छात्राएं जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागने लगे।

घायल गौरव कुमार ने बताया कि वह मंच के सामने डांस कर रहा था, तभी एक अज्ञात युवक अचानक आया और उस पर हमला कर दिया। गौरव मूल रूप से गजरौला का निवासी है और फिलहाल देहरादून में पीजी में रहकर पढ़ाई कर रहा है। बताया जा रहा है कि वह 12वीं कक्षा का छात्र है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश जारी है। इस घटना के बाद कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *