उत्तराखंड Express ब्यूरो
रुद्रप्रयाग
जनपद के बडम गाँव से 04 अप्रैल से लापता चल रहे 5 वर्षीय मासूम पँकू को लेकर बेहद दुःखद खबर सामने आई है। लगातार 9 दिनों से चल रही खोजबीन के बाद आज उसका शव जंगल में बरामद किया गया है।
मासूम की तलाश में जिला प्रशासन, पुलिस और वन विभाग की टीमें लगातार जुटी हुई थीं, लेकिन आज मिली इस खबर ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बच्चे का शव गांव से करीब दो किलोमीटर दूर जंगल में मिला है। पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
वहीं, रेंजर हरी शंकर रावत ने बताया कि घटनास्थल पर किसी जंगली जानवर के हमले के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं, जिससे फिलहाल किसी वन्यजीव के हमले की पुष्टि नहीं हो पाई है।
क्षेत्र में लापता चल रहे 04 वर्षीय बालक की खोज हेतु SDRF द्वारा त्वरित एवं सघन सर्च ऑपरेशन संचालित किया गया। SDRF पोस्ट रतूड़ा से उप निरीक्षक श्री आशीष डिमरी के नेतृत्व में टीम को सूचना प्राप्त होते ही बडम ग्राम के लिए रवाना किया गया।
घटनास्थल पर पहुंचकर SDRF टीम द्वारा स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करते हुए दुर्गम एवं कठिन पहाड़ी क्षेत्र में व्यापक सर्च अभियान चलाया गया। विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद टीम द्वारा लगातार सघन तलाशी अभियान जारी रखा गया।
अथक प्रयासों के उपरांत टीम को ग्राम से लगभग 02 किलोमीटर दूर ऊपरी क्षेत्र में लापता बालक का शव बरामद हुआ। तत्पश्चात आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण करते हुए शव को जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।