उत्तरकाशी : यमुनोत्री यात्रा मार्ग पर स्थानीय उत्पादों के आउटलेट्स को मिल रही सराहना, सीडीओ ने किया निरीक्षण

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

बड़कोट /उत्तरकाशी

यमुनोत्री यात्रा मार्ग पर स्थापित विभिन्न स्थानीय उत्पादों के आउटलेट्स का मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह द्वारा निरीक्षण किया गया। यह आउटलेट्स REAP उत्तरकाशी, उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (USRLM) एवं जिला प्रशासन के सहयोग से स्थापित किए गए हैं, जिनका उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना और स्वयं सहायता समूहों (SHG) को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

इन आउटलेट्स पर स्थानीय उत्पाद, पारंपरिक व्यंजन (लोकल क्यूज़ीन), प्रसाद, मिनिएचर्स तथा हस्तशिल्प सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संचालन से जुड़े कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक कपिल उपाध्याय, सहायक प्रबंधक अतुल नौटियाल, नवीन रावत, ब्लॉक स्तर से देवेंद्र, अनिल एवं मुकेश उपस्थित रहे। वहीं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं में उषा थपलियाल, कुमारी मंजू सहित अन्य महिलाएं भी मौजूद रहीं।

महिलाओं द्वारा यमुनोत्री धाम में प्रसाद की बिक्री की जाएगी, जिसमें चौलाई के लड्डू, चुनरी, केदारपाती आदि सामग्री शामिल हैं। इन उत्पादों को आकर्षक पैकेजिंग में तैयार किया जा रहा है।

निरीक्षण में यह पाया गया कि यात्रियों द्वारा इन आउटलेट्स को काफी पसंद किया जा रहा है। बड़ी संख्या में यात्री यहां रुककर स्थानीय उत्पादों की खरीदारी कर रहे हैं और बिक्री भी शुरू हो चुकी है। उत्पादों को यात्रियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।

इस पहल से जहां एक ओर स्थानीय उत्पादों को बाजार मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की आय में वृद्धि होगी। इस कार्य में मंदिर समिति का भी सराहनीय सहयोग प्राप्त हो रहा है, जिससे आउटलेट्स के संचालन एवं विस्तार को बल मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *