*बड़कोट महाविद्यालय में हिंदी विभागीय परिषद का गठन, कविता-पाठ एवं कहानी-वाचन प्रतियोगिता का हुआ आयोजन*

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

*बड़कोट /उत्तरकाशी*

राजेंद्र सिंह रावत राजकीय महाविद्यालय, बड़कोट के हिंदी विभाग के तत्वावधान में शुक्रवार को विभागीय परिषद का विधिवत गठन किया गया। इस अवसर को साहित्यिक गरिमा प्रदान करते हुए कविता-पाठ एवं कहानी-वाचन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साह, संवेदना और रचनात्मकता के साथ अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में बी.ए. के विभिन्न सेमेस्टर के विद्यार्थियों अंशिका, रज़िया, निकिता, सौम्या, सचिन , अनुसूया, सोनी, दिपेंद्र रावत, सुजल शाह , कंचन, आईषा, मिलन आदि ने भाग लिया। प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों में भाषा की सहजता, भावों की गहराई और अभिव्यक्ति की परिपक्वता का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
उक्त प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रत्येक सेमेस्टर के अनुसार महाविद्यालय के वार्षिकोत्‍सव के दिन क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान हिंदी विभाग के प्राध्यापक डी. पी. गैरोला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए साहित्य, हिंदी भाषा तथा कविता और कहानी की समकालीन प्रासंगिकता पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की साहित्यिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के ज्ञान-विस्तार के साथ-साथ उनकी सृजनात्मक चेतना को जाग्रत करती हैं और अभिव्यक्ति के नए आयाम प्रदान करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *