*जनपद के दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की सुदृढ़ता हेतु सीएमओ का औचक निरीक्षण, दिए अहम निर्देश*

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

*चिन्यालीसौड़ /उत्तरकाशी*

जनपद उत्तरकाशी में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुदृढ़ करने एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की प्रभावी उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. रावत द्वारा आज विकासखंड चिन्यालीसौड़ अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनचौरा का स्थलीय भ्रमण कर औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद कुकरेती, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र बिजल्वाण तथा जिला आशा कॉर्डिनेटर श्रीमती सीमा उपस्थित रहीं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि बनचौरा क्षेत्र के अत्यंत दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए क्षेत्र में कार्यरत चिकित्सा अधिकारी, एएनएम, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, आशा कार्यकर्त्रियों एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं की नियमित रूप से मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। साथ ही गर्भवती महिलाओं एवं उनके परिजनों को शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव हेतु निरंतर प्रेरित किया जाए।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि क्षेत्रीय जनमानस को सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने हेतु एक विभागीय एम्बुलेंस तथा 108 एम्बुलेंस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनचौरा में तैनात हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा निरीक्षण उपरांत ग्राम इंद्रा, टिपरी, उठखोला एवं मोरगी का स्थलीय भ्रमण कर वीएचएनडी दिवसों में प्रतिभाग किया गया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों को संस्थागत प्रसव के महत्व एवं सरकार द्वारा संचालित विभिन्न निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्रदान कर जन-जागरूकता बढ़ाई।
इसी क्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. पांगती द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज मानपुर एवं मुस्टिकसौड़ में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में प्रतिभाग किया गया। शिविर के माध्यम से छात्र-छात्राओं को एचपीवी वैक्सीनेशन एवं नशामुक्ति के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही उनके द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा आवश्यक निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *