उत्तराखंड Express ब्यूरो
रुद्रप्रयाग
पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में चारधाम यात्रा को सुरक्षित बनाने हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत रुद्रप्रयाग पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। केदारनाथ धाम के घोड़ापड़ाव क्षेत्र से पुलिस ने शातिर चोरों के एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से विभिन्न यात्रियों के चोरी किए गए पर्स, दस्तावेज और नगदी बरामद हुई है।
गत दिवस दिनांक 25 अप्रैल 2026 को चौकी केदारनाथ में तैनात उपनिरीक्षक मुकेश डिमरी अपनी टीम के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग पर थे। इसी पुलिस टीम को शिकायत मिली कि घोड़ापड़ाव के पास कुछ व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में खड़े हैं, जो यात्रियों का सामान चोरी करने की फिराक में हैं।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो व्यक्तियों को दबोच लिया। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान राजन कुमार और सन्नी कुमार (दोनों निवासी लुधियाना, पंजाब) के रूप में हुई है।
अभियुक्तों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से निम्नलिखित सामान बरामद हुआ –
• विभिन्न यात्रियों के आधार कार्ड और एटीएम कार्ड।
• गुजरात निवासी यात्रियों के ड्राइविंग लाइसेंस (DL) और वोटर आईडी कार्ड।
• चोरी किए गए पर्स और हैंडबैग।
• कुल 5,450 रुपये की नगदी और एक रेलवे टिकट (लुधियाना से ऋषिकेश)।
प्रारम्भिक पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में काम करते हैं। ये लोग भीड़भाड़ वाले स्थानों या दर्शन की लाइनों में यात्रियों के पीछे खड़े हो जाते थे। शातिर तरीका अपनाते हुए अभियुक्त सन्नी कुमार (जिसका हाथ टूटा हुआ है) यात्रियों के पीछे खड़ा रहता था ताकि कोई उस पर शक न करे, और इसी बीच वे यात्रियों के बैग या जेब से कीमती सामान निकाल देते थे। गिरोह के अन्य सदस्य चोरी का सामान लेकर तुरन्त मौके से निकल जाते थे।
इन दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध थाना सोनप्रयाग में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2), 112 और 313 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।