
जयप्रकाश बहुगुणा
*उत्तरकाशी*
ज़ब पारिवारिक संस्कार व ईमानदारी इंसान के कर्म में शामिल होती है तो वह समाज के लिए एक मिशाल बन जाती है!ऐसे ही ईमानदारी की मिशाल पेश की दो भाई बहन ने, जिन्होंने नोटों से भरे पर्स को वापस लौटाकर ईमानदारी का फर्ज निभाया!घटनाक्रम के अनुसार गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर नेताला से मातली की ओर आते समय श्री बृजमोहन पुत्र श्री बच्चन लाल, निवासी- मातली उत्तरकाशी, का पर्स रास्ते में कहीं गिर गया। पर्स में ₹4520 नकद व महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे।
सौभाग्य से, यह पर्स भटवाड़ी टैक्सी स्टैंड के पास राहुल सैनी व उनकी बहन दिव्यांशी, निवासी- उज्जेली को मिला। दोनों भाई बहन ने ईमानदारी और जिम्मेदारी का परिचय देते हुए पर्स को अपने पास रखने के बजाय तत्काल वहां से गुजर रहे पुलिसकर्मी हेड कांस्टेबल विनोद पंवार को सौंप दिया।
पुलिस जवान विनोद पंवार द्वारा तत्परता दिखाते हुए पर्स में मौजूद एटीएम कार्ड के आधार पर बैंक जाकर पर्स स्वामी की जानकारी प्राप्त की और उनसे संपर्क स्थापित किया। इसके बाद पर्स को सुरक्षित रूप से उसके असली मालिक को वापस सौंप दिया गया।
पर्स मालिक श्री बृजमोहन ने राहुल, दिव्यांशी और उत्तरकाशी पुलिस की ईमानदारी व तत्परता हेतु आभार व्यक्त किया।उत्तरकाशी पुलिस राहुल सैनी व दिव्यांशी दोनों भाई-बहन के ईमानदारी, पारिवारिक संस्कारों की सराहना एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करती है।