जयप्रकाश बहुगुणा
*बड़कोट/उत्तरकाशी*
नगरपालिका बड़कोट में सोमवार को स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध करवाने व बढ़ावा देने के लिए यमुना वैली हाट का शुभारम्भ हुआ। हिमरोल गांव निवासी युवा उद्यमी जगमोहन राणा द्वारा खोले गए इस आउटलेट का उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष विनोद डोभाल एवं उप जिलाधिकारी बड़कोट वृजेश तिवारी ने रिबन काटकर किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पहाड़ के पारंपरिक और जैविक उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। “यमुनी वैली हाट” के माध्यम से जहां लोगों को शुद्ध और स्वास्थ्यवर्धक खाद्य सामग्री उपलब्ध होगी, वहीं स्थानीय किसानों और महिलाओं को भी रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे।
आउटलेट में रवांई घाटी के प्रसिद्ध जैविक लाल चावल, राजमा, गहत, तोअर, मंडुवे का आटा, चुलू का तेल, ऑर्गेनिक चाय, लहसुन का आचार, लिंगड़ा, मशरूम व मिक्स अचार, बुरांश, माल्टा, पुदीना सहित विभिन्न प्रकार के जूस, चटनी और जैम उपलब्ध रहेंगे। इन उत्पादों को गांव की महिलाओं के माध्यम से एकत्रित कर बाजार तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
जगमोहन राणा पहले से ही हिमरोल और नौगांव क्षेत्र में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का कार्य कर रहे हैं और अब बड़कोट में नया आउटलेट खोलकर इस पहल को विस्तार दिया गया है। वे पहाड़ी उत्पादों के साथ बागवानी और खेती के क्षेत्र में भी सफल कार्य कर रहे हैं। उनके स्वर्गीय पिता भरत राणा क्षेत्र में “किसान पंडित” के नाम से प्रसिद्ध थे, जबकि जगमोहन राणा आज “किसान भूषण” के रूप में अपनी पहचान बना रहे हैं। कार्यक्रम में डॉ. कपिल देव रावत, शशी मोहन डोभाल, जेपी नौटियाल, मोहित थपलियाल, पूरण रावत सहित अनेक स्थानीय लोग मौजूद रहे।