*उत्तरकाशी : हिमालय बचाने का संदेश लेकर पहुंचे युवा साइकिलिस्टों का हुआ भव्य स्वागत*

जयप्रकाश बहुगुणा 

*उत्तरकाशी*

हिमालय संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ निकले साहसी युवा साइकिलिस्टों का उत्तरकाशी में गर्मजोशी के साथ स्वागत और सम्मान किया गया। श्याम स्मृति वन में आयोजित इस कार्यक्रम में हिमालय प्लांट बैंक के सदस्यों ने युवाओं के प्रयासों को सराहा और उन्हें सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान हिमालय प्लांट बैंक, श्याम स्मृति वन के अध्यक्ष एवं पर्यावरण प्रेमी प्रताप सिंह पोखरियाल ने कहा कि आज के समय में ऐसे प्रयास अत्यंत प्रेरणादायक हैं। उन्होंने कहा कि हिमालय की जैव-विविधता, बुग्यालों का संरक्षण और स्वच्छ पर्यावरण बनाए रखने के लिए जन-जागरूकता बेहद जरूरी है। “इन युवाओं का साहस, समर्पण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक मजबूत कदम है,” उन्होंने कहा।

उन्होंने आगे कहा कि हिमालय, नदियों और बुग्यालों का संरक्षण केवल पर्यावरण ही नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक धरोहर की रक्षा से भी जुड़ा हुआ है। ऐसे प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित और स्वच्छ भविष्य का मार्ग प्रशस्त करते हैं।

ज्ञात हो कि देहरादून से शुरू हुई यह साइकिल यात्रा चारधाम—यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ—के मार्ग से गुजरते हुए लोगों को हिमालय संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त वातावरण, स्वच्छ नदियों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश दे रही है।

इस अवसर पर गंगा विश्व धरोहर मंच के संयोजक डॉ. शम्भू प्रसाद नौटियाल, राघवेंद्र उनियाल, सुमेरा प्रजापति, मनीष राणा, मयंक, श्रेयश सहित हिमालय प्लांट बैंक के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और युवाओं के इस अभियान को अपना समर्थन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *