*राज्यपाल ने बैकुण्ठ धाम श्री बद्रीनाथ जी के किए दर्शन,पूजा-अर्चना कर देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की*

 

उत्तराखंड Express ब्यूरो 

बद्रीनाथ /चमोली

राज्यपाल उत्तराखंड, लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.)* ने आज शनिवार को भू-वैकुण्ठ श्री बद्रीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बद्री विशाल के दर्शन एवं पूजन किए। मंदिर पहुंचने पर उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न की और देश तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं सर्वांगीण खुशहाली हेतु मंगलकामना की।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बद्रीनाथ धाम पहुंचने पर हेलीपैड पर *पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार* एवं *मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी* द्वारा पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर महामहिम का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर पुलिस के जवानों ने सेरिमोनियल यूनिफॉर्म में  को सलामी दी। राज्यपाल महोदय ने जवानों के उत्कृष्ट टर्नआउट और सटीक शस्त्र कवायद की खुले मन से सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया।

दर्शन के पश्चात  राज्यपाल ने मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा उन्हें *मास्टर प्लान के अंतर्गत संचालित विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति से अवगत कराया गया।* राज्यपाल  ने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन एवं संबंधित विभागों के समर्पण से *धाम की व्यवस्थाओं में निरंतर गुणात्मक सुधार हो रहा है।*

राज्यपाल ने *चारधाम यात्रा के सुचारू संचालन हेतु विभिन्न हितधारकों होटल एसोसिएशन, व्यापार संघ,टैक्सी यूनियन के साथ बैठक कर महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त किए।* उन्होंने श्रद्धालुओं से विशेष अपील करते हुए कहा, “जब भी आप श्री बद्रीनाथ धाम आएं, *यहाँ की स्थानीय महिलाओं द्वारा तैयार हस्तशिल्प उत्पादों को अवश्य खरीदें।* इससे हमारी मातृशक्ति को स्वरोजगार मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी।”

राज्यपाल  ने मंदिर में *लगभग दो मिनट तक पूजा-अर्चना* कर सभी श्रद्धालुओं को एक महत्वपूर्ण संदेश भी दिया। श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि *भगवान के प्रति सच्ची श्रद्धा और भाव ही सर्वोपरि है* इसके लिए लंबे समय तक पूजा करना आवश्यक नहीं है। उन्होंने अनुशासन और सेवा भाव के साथ दर्शन करने पर जोर देते हुए कहा कि *’बद्री विशाल’ का स्वरूप हमें विशालता, समर्पण और मानवता का संदेश देता है, जिसे प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।*

राज्यपाल  ने *थानाध्यक्ष बद्रीनाथ, नवनीत भंडारी* द्वारा पूर्ण समर्पण, तत्परता और सेवा भाव के साथ यात्रा को सुचारू रूप से संचालित करने के प्रयासों की विशेष रूप से सराहना की। राज्यपाल महोदय ने कहा कि जमीनी स्तर पर पुलिस अधिकारियों का ऐसा कर्तव्यनिष्ठा भरा व्यवहार ही श्रद्धालुओं के अनुभव को सुखद और सुरक्षित बनाता है।

इस दौरान ऋषि प्रसाद सती ( उपाध्यक्ष बीकेटीसी), सोहन सिंह रांगड़ (मुख्य कार्याधिकारी बीकेटीसी), सुनील पुरोहित (ईओ नगर पंचायत बद्रीनाथ) व अन्य मौजूद रहे ।

बद्रीनाथ धाम के कार्यक्रम के उपरांत राज्यपाल *औली* पहुंचे, जहाँ असम रेजिमेंट और आईटीबीपी (ITBP) द्वारा आयोजित एक संयुक्त गरिमामय कार्यक्रम में उन्होंने शिरकत की। इस विशेष समारोह में राज्यपाल ने उन जांबाज जवानों को सम्मानित किया, जिन्होंने *थराली आपदा* के दौरान अत्यंत विषम परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए और *माणा हिमस्खलन* के समय अपनी त्वरित कार्रवाई से जन-धन की रक्षा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, एसडीएम कर्णप्रयाग अल्केश नौडियाल एवं पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा मौजूद रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *