Accident : चारधाम यात्रामार्ग पर पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आया वाहन क्षत्रिग्रस्त, चालक सहित तीन लोग थे सवार..

उत्तराखंड Express ब्यूरो 

रुद्रप्रयाग

राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर सम्राट होटल के निकट शुक्रवार को श्रीनगर की ओर जा रहा वाहन संख्या UK17 TA 1470 अचानक पहाड़ी से पत्थरों के गिरने के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना में वाहन चालक सहित एक दंपति कुल तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों को हल्की चोटें आई हैं तथा उपचार हेतु उन्हें जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चलते वाहन के ऊपर अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के समय सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी रुद्रप्रयाग धर्मेंद्र सिंह बिष्ट परिवहन विभाग की टीम के साथ निकट क्षेत्र में नियमित वाहन चेकिंग एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान राहगीरों द्वारा उन्हें दुर्घटना की सूचना दी गई।
सूचना प्राप्त होते ही एआरटीओ तत्काल मौके पर पहुंचे तथा घायलों की स्थिति का जायजा लिया। घायल यात्रियों को उपचार की तत्काल आवश्यकता को देखते हुए उन्होंने एंबुलेंस की प्रतीक्षा करना उचित नहीं समझा तथा मानवीय संवेदनशीलता एवं सेवा भावना का परिचय देते हुए विभागीय वाहन से स्वयं तीनों घायलों को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया, जहां उनको उपचार उपलब्ध कराया गया है।
घटना के दौरान जिला प्रशासन एवं परिवहन विभाग का मानवीय एवं संवेदनशील स्वरूप स्पष्ट रूप से देखने को मिला। जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा द्वारा पूर्व से ही सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि किसी भी दुर्घटना अथवा आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य करते हुए मानव जीवन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्हीं निर्देशों के क्रम में संबंधित अधिकारियों द्वारा तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *