
*जयप्रकाश बहुगुणा*
*बड़कोट /उत्तरकाशी*
राजेन्द्र सिंह रावत राजकीय महाविद्यालय टटाउ, बड़कोट परिसर में वार्षिकोत्सव, पुरस्कार वितरण एवं मेधावी छात्र सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. डी.पी. गैरोला द्वारा किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में यमुनोत्री विधानसभा के विधायक संजय डोभाल, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अजवीन पंवार, आईटीआई के प्रधानाचार्य एच.पी. सेमवाल तथा अन्य गणमान्य अतिथियों में पीटीए संघ अध्यक्ष जगवीर जयडा , पीटीए संघ कोषाध्यक्ष सरदार सिंह राणा, वर्तमान छेत्र पंचायत योगेन्द्र जायडा , महाविद्यालय के पूर्व छात्र तथा मीडिया प्रतिनिधि के रूप में नमो भंडारी एवं मदन पनोली भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के सम्मुख द्वीप प्रज्वलन कर तत्पश्चात बैज अलंकरण एवं अतिथि स्वागत से किया गया, जिसके पश्चात सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। इसके उपरांत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार द्वारा महाविद्यालय की वार्षिक आख्या प्रस्तुत की गई, जिसमें वर्ष भर आयोजित विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक तथा खेल गतिविधियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया।
इसके पश्चात पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत महाविद्यालय के 17 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र व मेडल प्रदान किए गए।साथ ही महाविद्यालय के समाजशास्त्र विभाग में कार्यरत डॉ. संगीता रावत द्वारा स्वर्गीय राजेन्द्र सिंह रावत की पुण्य स्मृति में प्रतिवर्ष प्रदान की जाने वाली स्मृति छात्रवृत्ति के अंतर्गत इस वर्ष खुशबू डिमरी एवं कंचन बाला को नकद धनराशि भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त कुमारी अंजली रावत को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित आरडीसी में प्रतिभाग करने के लिए, काजल एवं अंजली को एनएसएस राष्ट्रीय शिविर में प्रतिभाग करने हेतु, आरती रावत को एनएसएस बेस्ट वॉलिंटियर अवॉर्ड तथा ऋतेश कुमार को बेस्ट स्पोर्ट्स चैंपियनशिप अवॉर्ड प्रदान किया गया। इसके साथ ही अन्य छात्र-छात्राओं को भी विभिन्न विभागीय परिषदों द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति, उत्तरकाशी की लोकसंस्कृति एवं सांस्कृतिक विरासत पर आधारित प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ दी गईं। इसके अतिरिक्त साइबर अपराध के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया। साथ ही स्थानीय संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से स्थानीय लोक गायक राज सावन द्वारा अपने मधुर लोकगीतों की प्रस्तुति से कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भरते हुए पूरे वातावरण को उत्साहपूर्ण एवं आनंदमय बनाया ।
कार्यक्रम के अंत में विधायक संजय डोभाल ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में महाविद्यालय की उपलब्धियों, शैक्षिक वातावरण तथा यहाँ कार्यरत प्राध्यापकों के योगदान की सराहना की। विधायक ने अपने उद्बोधन में कहा कि राजकीय महाविद्यालय बड़कोट क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण केंद्र है, जो विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं उचित मार्गदर्शन प्रदान कर रहा है। उन्होंने महाविद्यालय में कार्यरत प्राध्यापकों को समर्पित, योग्य एवं कुशल बताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थी निश्चित ही उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर होंगे। साथ ही उन्होंने महाविद्यालय की वर्तमान समस्याओं एवं आवश्यकताओं के समाधान हेतु पूर्ण सहयोग और प्रतिबद्धता का आश्वासन दिया। महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा पुस्तकालय सुदृढ़ीकरण एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित रखी गई मांगों को गंभीरता से सुनते हुए विधायक ने उन्हें शीघ्र पूर्ण कराने का भरोसा दिलाया।अंत में विधायक ने महाविद्यालय परिवार को शुभकामनाएँ देते हुए आश्वस्त किया कि वे भविष्य में भी महाविद्यालय के समग्र विकास, विद्यार्थियों के हितों तथा शैक्षिक उन्नयन के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करते रहेंगे।इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण तथा सभी छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।