*उत्तरकाशी : संबंधित विभाग जल भराव वाले क्षेत्रों में जल निकासी की ब्यवस्था को दुरुस्त करें : जिलाधिकारी*

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

*उत्तरकाशी*

नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत कालेश्वर एवं जोशियाड़ा वार्डों में लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने संबंधित विभागों के अधिकारियों बैठक लेते हुए जल निकासी की व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान अधिकारियों द्वारा अवगत कराया कि सिंचाई गूल के ऊपर अतिक्रमण होने के कारण पानी की निकासी ठप हो जाती है,जो जलभराव का मुख्य कारण है। इस पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने सिंचाई,राजस्व व नगर पालिका विभाग की एक संयुक्त टीम गठित करने के निर्देश दिए,जो अगले 10 दिन के भीतर जल निकासी में आ रही सभी अवरोधों एल/अतिक्रमण को चिह्नित करेगी। साथ ही टीम गूलों और नालियों पर हुए अवैध अतिक्रमण की पहचान कर अपनी विस्तृत रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेगी।

बैठक में जलभराव के अलावा शहर की यातायात व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। मनेरा बाईपास लदाड़ी में आए दिन लगने वाले लंबे जाम और इससे स्थानीय लोगों व यात्रियों को होने वाली असुविधाओं को देखते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता लोनिवि को निर्देश दिए कि तत्काल राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर लदाडी में संकीर्ण सड़क मार्ग पर लगने वाले जाम की समस्या का व्यावहारिक व स्थायी समाधान करना सुनिश्चित करें।

बैठक में अधिशासी अभियंता सिंचाई सचिन सिंघल, अधिशासी अधिकारी कुसुम राणा,सहित लोनिवि एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *