उत्तराखंड एक्सप्रेस ब्यूरो
बड़कोट
तिलाड़ी शहीद दिवस के अवसर पर शनिवार को तिलाड़ी स्थित शहीद स्मारक पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और क्षेत्रवासियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान रवांई-जौनपुर क्षेत्र के उन अमर सेनानियों को याद किया गया, जिन्होंने अपने हक-हकूकों और जनाधिकारों की रक्षा के लिए ऐतिहासिक तिलाड़ी कांड में प्राणों की आहुति दी थी।
नगर पालिका परिषद बड़कोट के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में शहीदों के परिजनों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं पत्रकारिता दिवस के अवसर पर क्षेत्र के पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, ओबीसी आयोग के उपाध्यक्ष श्याम डोभाल, नगर पालिका अध्यक्ष विनोद डोभाल सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों, गणमान्य लोगों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि किसी भी विवाद या समस्या के समाधान के लिए संवाद सबसे प्रभावी माध्यम है। संवादहीनता और आपसी तालमेल की कमी ही कई बार जनआंदोलनों का कारण बनती है। उन्होंने कहा कि तिलाड़ी का इतिहास क्षेत्र के लोगों के अदम्य साहस, त्याग और बलिदान का प्रतीक है, जिसने जनाधिकारों की लड़ाई को नई दिशा दी।
विधायक संजय डोभाल ने कहा कि तिलाड़ी कांड के शहीदों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। नई पीढ़ी को उनके संघर्षों से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि तिलाड़ी की ऐतिहासिक गरिमा के अनुरूप यहां मूलभूत सुविधाओं के विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
नगर पालिका अध्यक्ष विनोद डोभाल ने कहा कि तिलाड़ी शहीद स्थल क्षेत्र को सुरक्षित करने के लिए वृहद स्तर पर कार्य योजना तैयार की जा रही है तथा तिलाड़ी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने को लेकर तिलाड़ी से पुल तक सुरक्षा वाल की डीपीआर तैयार कर शासन को भेज दी गयी है, स्वीकृति मिलते ही इस पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा, इससे बड़कोट नगर को भी सुरक्षित किया जा सकेगा।
कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण सिंह चौहान, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जशोदा राणा, विशालमणि रतूड़ी, एसएचओ सुभाष चंद्र , तहसीलदार रीनू सैनी, अधिशासी अधिकारी उमेश सुयाल, कपिल देव रावत, मुकेश टम्टा, सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।