उत्तराखंड Express ब्यूरो
पौड़ीगढ़वाल
जनपद पौड़ी गढ़वाल के कोट ब्लॉक खाण्ड्यूसैण देवार क्षेत्र स्थित वाड़ी गांव में मंगलवार को गुलदार के हमले में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार करीब 55 वर्षीय महिला अपने पशुओं के लिए घास लेने घर से लगभग 200 मीटर दूर खेतों की ओर गई थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि गुलदार महिला को घसीटकर पास स्थित एक खंडहरनुमा मकान के अंदर ले गया।
जब काफी देर तक महिला घर नहीं लौटी तो परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान महिला का शव गांव के ऊपर एक निर्जन मकान के पास बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों के शोर मचाने पर गुलदार मौके से जंगल की ओर भाग गया।
ग्रामीणों के अनुसार गुलदार ने महिला के शव को बुरी तरह क्षत-विक्षत कर दिया था। घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार का आतंक बना हुआ है, लेकिन वन विभाग द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने अथवा आदमखोर घोषित कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने की भी मांग उठाई गई है।