*दर्दनाक हादसा : बोलेरो वाहन गहरी खाई में हुआ दुर्घटनाग्रस्त, चार की मौत, चार घायल*

 

उत्तराखंड Express ब्यूरो 

चमोली

चमोली जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां देवाल-घेस मोटर मार्ग पर लोसरी गांव के समीप एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। यह हादसा 11 जून 2026 को करीब शाम 4 बजे हुआ, जब डीसीआर के माध्यम से थानाध्यक्ष थराली को दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल आपदा उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गई और उप जिलाधिकारी थराली के साथ समन्वय स्थापित करते हुए DDRF टीम को भी मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए।
मौके पर पहुंचने पर पता चला कि वाहन संख्या UK-11TA-4395 (सफेद बोलेरो) लोसरी गांव से करीब 100 मीटर आगे घेस की ओर जाते समय अचानक अनियंत्रित हो गया और लगभग 500 से 600 मीटर गहरी खाई में गिरते हुए कैल नदी में जा समाया। वाहन में कुल 8 लोग सवार थे। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों, पुलिस और DDRF टीम ने मिलकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
वहीं संयुक्त प्रयासों से चार घायलों को गंभीर हालत में खाई से बाहर निकालकर एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल भेजा गया, जबकि चार अन्य लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों के शवों को भी कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। वहीं प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन पहले सड़क किनारे बनी दीवार से टकराया, जिसके बाद संतुलन बिगड़ने पर वह पीछे की ओर खिसकते हुए गहरी खाई में जा गिरा। फिलहाल पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी हुई है।
वहीं इस भीषण दुर्घटना में जानकी देवी (28 वर्ष) निवासी खेता, अर्जुन सिंह (60 वर्ष) निवासी घेस, आलम सिंह (54 वर्ष) निवासी घेस और मासूम दीपू (07 वर्ष) निवासी खेता की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं हरेंद्र सिंह (38 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हैं, जबकि उमा देवी (28 वर्ष), खड़क सिंह (38 वर्ष) और डेढ़ साल की मासूम हर्षिता भी घायल हुए हैं।
इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन द्वारा हर संभव सहायता का आश्वासन दिया गया है, वहीं स्थानीय लोग भी राहत एवं बचाव कार्य में लगातार सहयोग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *