*विकासनगर के बैरागी वाला में हत्यारोपी के घर पर चला बुलडोजर, तनाव को देखते हुए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात*

उत्तराखंड Express ब्यूरो 

देहरादून

सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में खेतों की सिंचाई के पानी के बंटवारे को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना में विनोद नामक युवक की मौत हो गई, जबकि अशोक, सुषमा और राजेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पानी के बंटवारे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। मृतक पक्ष का आरोप है कि दूसरे पक्ष के कई लोग हथौड़े और बेलचे जैसे औजारों के साथ घर में घुस आए और हमला कर दिया। हमले में विनोद गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है।
घटना के बाद गांव में भारी तनाव फैल गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार क्षेत्र में कैंप कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। पूरे गांव को सुरक्षा की दृष्टि से छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
इस बीच प्रशासन ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके घर पर बुलडोजर कार्रवाई भी की है। वहीं विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता गांव में पहुंचकर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कुछ संगठनों द्वारा आरोपितों के एनकाउंटर की मांग भी उठाई जा रही है।
घटना के बाद कई मुस्लिम परिवारों के गांव छोड़कर अन्य स्थानों पर जाने की खबरें सामने आई हैं। साथ ही कुछ स्थानों पर आगजनी की घटनाओं की भी चर्चाएं हैं। हालांकि इन दावों और घटनाओं की आधिकारिक पुष्टि प्रशासन की ओर से की जानी बाकी है। पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
तनावपूर्ण हालात को देखते हुए क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं भी अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं, ताकि अफवाहों और भ्रामक संदेशों के प्रसार को रोका जा सके। प्रशासन ने लोगों से सोशल मीडिया पर अपुष्ट जानकारी साझा न करने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *