*मेडिकल कालेज में दो दिवसीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर संपन्न, 39 रक्तदाताओं ने किया महादान*

उत्तराखंड Express ब्यूरो 

​अल्मोड़ा,

एसबीआई (SBI) रीजनल ऑफिस अल्मोड़ा एवं शोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान (सोबन सिंह जीना राजकीय मेडिकल कॉलेज) अल्मोड़ा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आज सफलतापूर्वक संपन्न हो गया ‘ विश्व स्वैच्छिक रक्तदान दिवस’ के विशेष अवसर पर आयोजित इस शिविर में स्थानीय युवाओं, एमबीबीएस (MBBS) छात्र-छात्राओं, इंटर्न, चिकित्सकों एवं संस्थान के कार्मिकों ने बढ़-चढ़ कर प्रतिभाग किया।
​दो दिनों (14 जून, रविवार और 15 जून, सोमवार) तक चले इस शिविर का आयोजन ब्लड बैंक, बेस हॉस्पिटल अल्मोड़ा में किया गया, जहां कुल 39 सजग रक्तदाताओं ने स्वैच्छिक रूप से रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। “एक रक्तदाता का तोहफा, एक जीवन का उपहार” के प्रेरक संदेश के साथ सुबह 10:00 बजे से सायं 03:00 बजे तक चले इस शिविर में रक्तदाताओं के उत्साह को बढ़ाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। एसबीआई आरओ अल्मोड़ा के सौजन्य से शिविर में भाग लेने वाले सभी रक्तदाताओं को आकर्षक उपहार (Gifts) भेंट कर सम्मानित किया गया।
​अधिकारियों ने जताया आभार, रक्तदाताओं को सराहा:
शिविर के समापन पर भारतीय स्टेट बैंक क्षेत्रीय कार्यालय अल्मोड़ा के क्षेत्रीय प्रबंधक आशीष खाली, प्रबंधक (मानव संसाधन) अजय कुमार मिश्रा एवं उप प्रबंधक (जनसंपर्क) संजीव कुमार ने संयुक्त वक्तव्य में कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। बैंक सामाजिक सरोकारों के प्रति हमेशा समर्पित रहा है और भविष्य में भी ऐसे जनहित के कार्यों में सहयोग करता रहेगा। उन्होंने सभी 39 रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए उनके इस जज्बे को सलाम किया।
​वहीं, राजकीय मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित कुमार सिंह, प्रभारी ब्लड बैंक आशीष जैन एवं सोशल वेलफेयर ऑफिसर हेम बहुगुणा ने अपने वक्तव्य में कहा कि गर्मियों व आपातकाल के समय ब्लड बैंक में रक्त की उपलब्धता बनाए रखना बेहद जरूरी होता है। इस शिविर के माध्यम से एकत्रित रक्त कई जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होगा। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं और युवाओं द्वारा दिखाए गए उत्साह की विशेष सराहना की।
​इनका रहा सक्रिय योगदान:
इस दो दिवसीय शिविर को सफल बनाने में नर्सिंग अधिकारी नीलम रावत, निशा धामी, लैब टेक्नीशियन भास्कर पांडेय और राजदेव सिंह, शांति , मनोज मनी आदि ने अपना सक्रिय योगदान दिया। टीम के सभी सदस्यों और रक्तदाताओं के समन्वित प्रयासों से यह शिविर बेहद सफल और अनुकरणीय रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *