
जयप्रकाश बहुगुणा
*उत्तरकाशी*
साहित्य प्रेस परिषद के तत्वावधान में उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित पीसीएस परीक्षा में चयनित अधिकारियों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, विशिष्ट अतिथि एसपी कमलेश उपाध्याय,सीडीओ जय भारत सिंह ने नवचयनित अधिकारियों को सम्मानित किया और उनके साथ आत्मीय संवाद कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।
जिलाधिकारी ने चयनित अधिकारियों साथ संवाद किया। उन्होंने कहा सिविल सेवा मात्र एक पद नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा करने का सबसे बड़ा माध्यम है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग से चयनित इन युवा अधिकारियों ने अपनी कड़ी मेहनत से जिले का नाम रोशन किया है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि चयनित सभी अधिकारी राज्य के विकास और सुशासन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
समारोह में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं ने भी प्रतिभाग किया और नवचयनित पीसीएस अधिकारियों के साथ सीधा संवाद किया। छात्र-छात्राओं ने परीक्षा की तैयारी, समय प्रबंधन,तनाव से निपटने के तरीकों और सही रणनीति को लेकर कई महत्वपूर्ण व प्रेरक सवाल पूछे। नवचयनित अधिकारियों ने बेहद सहजता से छात्र-छात्राओं के सभी जिज्ञासु प्रश्नों के उत्तर दिए। उन्होंने अपने संघर्ष के दिनों को साझा करते हुए युवाओं को प्रेरित किया कि निरंतरता,धैर्य और दृढ़ संकल्प ही सफलता की असली कुंजी है। असफलताओं से घबराने के बजाय अपनी कमियों को सुधारना बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम में साहित्य प्रेस परिषद के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी सहित सभी चयनित अधिकारियों और उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
समारोह में नव चयनित पीसीएस अधिकारी आशुतोष नौटियाल,प्रकृति नेगी,अंबरीश प्रसाद,आशुतोष राणा,गौरव मैठाणी,आयूष बधानी,देवाशीष जगूड़ी,राखी भंडारी,राजेश परमार,शुभम शाह,अपूर्वा थपलियाल आदि उपस्थित रहे।