जयप्रकाश बहुगुणा
*उत्तरकाशी*
मुख्य विकास अधिकारी एवं नोडल अधिकारी स्वीप जय भारत सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को एसआईआर की समीक्षा बैठक हुई। सीडीओ ने भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के क्रम में मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जन-जागरूकता गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखण्ड, देहरादून के पत्रानुसार निर्धारित सभी गतिविधियों का समयबद्ध और प्रभावी आयोजन किया जाना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि इस अभियान की सफलता के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए,ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे।
*सभी हितधारकों तक व्यापक पहुँच बनाने के निर्देश*
नोडल अधिकारी स्वीप ने विभिन्न स्तरों पर समन्वय स्थापित करते हुए सामाजिक संगठनों, ग्राम प्रधानों,महिला स्वयं सहायता समूहों,जिला पंचायत,क्षेत्र पंचायत सदस्यों के माध्यम से भी अभियान को गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदाता सूचियों को त्रुटिहीन और पारदर्शी बनाने के लिए राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों का सक्रिय सहयोग लेने के निर्देश स्वीप टीम को दिए। साथ ही कॉलेजों और महाविद्यालयों में नए व युवा मतदाताओं (18-19 वर्ष) के पंजीकरण के लिए विशेष जागरूकता कैंप आयोजित किए जाए। उन्होंने कहा कि प्रिंट,इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया संगठनों सहित विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों के माध्यम से भी जन-जन तक जागरूकता संदेश पहुँचाया जाए।
*मतदाता सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 सक्रिय,ERO-AERO स्तर पर बने है हेल्प डेस्क*
मुख्य विकास अधिकारी/नोडल अधिकारी स्वीप ने कहा कि निर्वाचन या मतदाता सूची से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी या समस्या के समाधान के लिए नागरिक निःशुल्क हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कॉल कर सकते हैं।इसके अलावा मतदाताओं की सीधी सहायता के लिए सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के स्तर पर विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इन सुविधाओं का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना पंजीकरण व संशोधन समय से पूरा कराएं।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी शैलेंद्र अमोली,जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल संदीप नेगी,जिला विकास अधिकारी रमेशचंद्र आर्य,जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी राकेश मोहन राणा, खंड शिक्षा अधिकारी हर्षा रावत,स्वीप प्रभारी डॉ शम्भू प्रसाद नौटियाल आदि अधिकारी उपस्थित रहे और अन्य संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।