*उत्तरकाशी : सिल्कयारा सुरंग अब “बाबा बौखनाग महाराज सुरंग”के नाम से जानी जाएगी, बैठक में बनी सहमति*

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

*बड़कोट /उत्तरकाशी*

 

उत्तराखंड की बहु चर्चित सिल्कयारा सुरंग का नाम अब क्षेत्र के आराध्य देवता श्री बौखनाग महाराज के नाम पर रखा जायेगा!सोमवार को तहसील बड़कोट में आयोजित बैठक में सर्व सहमति से एक प्रस्ताव तैयार कर उपजिलाधिकारी बड़कोट के माध्यम से शासन को प्रेषित किया गया है!
चारधाम आल वेदर रोड परियोजना के तहत धरासु – ब्रह्मखाल -फूलचट्टी राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन पोलगांव-सिलक्यारा सुरंग का नाम अब ‘बाबा बौखनाग महाराज सुरंग’ रखने पर सर्वसम्मति बन गई है। सोमवार को बड़कोट में उपजिलाधिकारी बृजेश कुमार तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जनप्रतिनिधियों, बाबा बौखनाग देवता समिति, यमुनोत्री होटल एसोसिएशन तथा स्थानीय ग्रामीणों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया।

बाबा बौखनाग देवता समिति एवं यमुनोत्री होटल एसोसिएशन की ओर से सुरंग का नाम ‘बाबा बौखनाग महाराज सुरंग’ रखने संबंधी सहमति पत्र उपजिलाधिकारी को सौंपा गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने हस्ताक्षर कर प्रस्ताव के प्रति अपनी सहमति दर्ज कराई। समिति ने मांग की कि सुरंग के दोनों छोर सिलक्यारा और पोलगांव पर बाबा बौखनाग महाराज के भव्य मंदिरों का निर्माण कराया जाए। इसके साथ ही बाबा बौखनाग की आस्था से जुड़े बौख टिब्बे को धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की भी मांग रखी गई। एसडीएम बृजेश कुमार तिवारी ने समिति को आश्वस्त किया कि सहमति पत्र और मांगपत्र शासन को भेजकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी!बैठक में स्थानीय लोगों ने सुरंग के पोल गांव वाले साइड पर भी बौखनाग महाराज का भव्य मंदिर निर्माण कर आसपास के क्षेत्र का सौंदर्यकरण करने की मांग शासन से की!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *