चट्टानी बोल्डर गिरने से मकान क्षतिग्रस्त, बड़ा हादसा टला

उत्तराखंड एक्सप्रेस ब्यूरो

बड़कोट

यमुनोत्री धाम के जानकीचट्टी क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक बड़ा हादसा टल गया। सुबह करीब 3 बजे पहाड़ी से तेज गति से आया एक विशाल चट्टानी बोल्डर नारायण पुरी गांव निवासी संदीप सिंह के आवासीय भवन की छत के ऊपर गिर गया, जिससे मकान के एक हिस्से के लिंटर को काफी क्षति पहुंची है।

गनीमत रही कि घटना के समय जिस कमरे पर बोल्डर गिरा, उसमें कोई मौजूद नहीं था। यदि कमरे में लोग होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों के अनुसार बोल्डर काफी ऊंचाई और दूर से तोप के गोले की तरह तेजी से आया था।

पूर्व प्रधान नितिन रावत ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बोल्डर भवन से टकराने के बाद वहीं रुक गया। यदि यह आगे बस्ती की ओर बढ़ता तो भारी नुकसान हो सकती था। उन्होंने पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग प्रशासन से की है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बरसात के मौसम को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों का सर्वे कर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग भी उठाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *