*उत्तरकाशी : नेहरू पर्वतारोहण संस्थान को मिले नए प्रधानाचार्य, कर्नल एस. एस. राजपुरोहित ने संभाला कार्यभार*

 

जयप्रकाश बहुगुणा 

*उत्तरकाशी*

देश के प्रतिष्ठित नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM), उत्तरकाशी को नया प्रधानाचार्य मिल गया है। भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी कर्नल एस. एस. राजपुरोहित ने गुरुवार को संस्थान के 17वें प्रधानाचार्य के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया।
करीब 24 वर्षों के सैन्य अनुभव वाले कर्नल राजपुरोहित उच्च हिमालयी क्षेत्रों में संचालन, पर्वतीय युद्धकला, नेतृत्व और प्रशिक्षण के विशेषज्ञ हैं। उन्होंने हाई एल्टीट्यूड वारफेयर स्कूल (HAWS) में प्रशिक्षक के रूप में सेवाएं दी हैं तथा नेशनल माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट नेपाल सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों में विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया है। उन्होंने माउंट एवरेस्ट सहित अनेक महत्वपूर्ण पर्वतारोहण अभियानों में भाग लिया है। माउंट शिवलिंग पर तीन सफल आरोहण, माउंट भागीरथी-2 अभियान, माउंट डी-41 पर सफल चढ़ाई तथा एक क्वालिफाइड स्काई डाइवर के रूप में भी उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियां रही हैं।
पदभार ग्रहण करने के बाद कर्नल राजपुरोहित ने कहा कि नेहरू पर्वतारोहण संस्थान देश में पर्वतारोहण और साहसिक खेलों का अग्रणी संस्थान है। उन्होंने संस्थान की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए प्रशिक्षण की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण तथा युवाओं में साहसिक गतिविधियों के प्रति जागरूकता को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर संस्थान के अधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व एवं व्यापक अनुभव से संस्थान नई ऊंचाइयों को छुएगा तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान को और सशक्त करेगा।
गौरतलब है कि वर्ष 1965 में स्थापित नेहरू पर्वतारोहण संस्थान, भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय तथा उत्तराखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में संचालित एक प्रमुख पर्वतारोहण संस्थान है, जो पर्वतारोहण, साहसिक खेल, आपदा प्रबंधन, खोज एवं बचाव प्रशिक्षण तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में देश-विदेश में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *