जयप्रकाश बहुगुणा
*उत्तरकाशी*
प्रगतिशील मंच द्वारा आयोजित 13वें कामरेड कमलाराम नौटियाल स्मृति सम्मान समारोह 2026 का आयोजन पीएम श्री कमलाराम नौटियाल राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज धौंतरी में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन तथा कामरेड कमलाराम नौटियाल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
समारोह का मुख्य आकर्षण वरिष्ठ शिक्षाविद एवं समाजसेवी पंडित मोहन लाल शास्त्री को शिक्षा, समाज सेवा, साहित्य एवं सांस्कृतिक संरक्षण के क्षेत्र में उनके आजीवन उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायी योगदान के लिए लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया जाना रहा। उन्हें स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कामरेड कमलाराम नौटियाल के संघर्षमय जीवन, जनसेवा, सामाजिक न्याय, शिक्षा के प्रति उनके समर्पण तथा जनआंदोलनों में निभाई गई उनकी ऐतिहासिक भूमिका से जुड़े अनेक प्रेरक प्रसंग साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि कामरेड कमलाराम नौटियाल का जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित रहा और उनके विचार आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।इस अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया तथा छात्र छात्राओं को निःशुल्क कोट वितरित किए गए। विद्यार्थियों ने पूरे कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए शिक्षा, सामाजिक सरोकार और मानवीय मूल्यों का संदेश ग्रहण किया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रधान हिमांशु नौटियाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य श्रीमती मीना नौटियाल, डॉ प्रोफेसर मधु थपलियाल, प्रोफेसर आशीष थपलियाल, प्रधानाचार्य शांति प्रसाद नौटियाल, राजूदास, निखिल उनियाल, प्रशांत, हरिलाल, दीपक राणा, रेखा, डॉ शम्भू प्रसाद नौटियाल तथा नीता राणा सहित अनेक गणमान्य नागरिक, अभिभावक, शिक्षक एवं छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए समाज में शिक्षा, समानता और जनसेवा के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। समारोह का समापन जलपान तथा सामूहिक छायाचित्र के साथ हुआ।