उत्तराखंड Express ब्यूरो
विकासनगर /देहरादून
सहिया क्षेत्र के क्वानू मोटर मार्ग पर कलेथा बेवना फेंडूलानी के समीप रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पर्यटकों से सवार एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय #पुलिस, तहसील प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। संयुक्त रूप से चलाए गए राहत एवं बचाव अभियान के दौरान घायलों को खाई से निकालकर उपचार के लिए निकटवर्ती अस्पताल भेजा गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में कुल पांच पर्यटक सवार थे। दुर्घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतकों की पहचान और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में प्रशासन का सहयोग किया। पुलिस और प्रशासन की टीम आगे की आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।