उत्तराखंड Express ब्यूरो
देहरादून।
मानसून के दौरान संभावित प्राकृतिक आपदाओं को देखते हुए भारतीय रेडक्रॉस समिति, उत्तराखंड राज्य शाखा ने सभी जिला इकाइयों को राहत एवं बचाव कार्यों के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में राज्य शाखा की एक वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। जिसमें विभिन्न जिलों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति और राहत तैयारियों की जानकारी साझा की।
बैठक में कहा गया कि प्रत्येक जिला शाखा अपने यहां उपलब्ध राहत सामग्री का आकलन कर आवश्यकता होने पर राज्य शाखा को तत्काल मांग भेजे, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में समय पर सहायता पहुंचाई जा सके। विभिन्न जिलों से भारी बारिश से हुए नुकसान और अतिरिक्त राहत सामग्री की आवश्यकता भी बैठक में रखी गई।राज्य शाखा ने निर्णय लिया कि उपलब्ध राहत सामग्री को प्राथमिकता के आधार पर प्रभावित जिलों तक भेजा जाएगा। साथ ही राष्ट्रीय मुख्यालय से टारपोलिन, कंबल, स्वच्छता किट और अन्य आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराने के लिए भी मांग भेजी गई है।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे राज्य शाखा के चेयरमैन ओंकार बहुगुणा ने कहा कि उत्तराखंड आपदा की दृष्टि से संवेदनशील राज्य है और रेडक्रॉस के स्वयंसेवक मानवीय सेवा की भावना से बिना किसी भेदभाव के जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने सभी जिला शाखाओं से मानसून के दौरान समन्वय और तत्परता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।बैठक में चमोली चेयरमैन ओमप्रकाश डोभाल,बागेश्वर चेयरमैन इंद्र सिंह, चंपावत चेयरमैन राजेंद्र गहतोड़ी, पौड़ी चेयरमैन गणेश कुगसाल, टिहरी चेयरमैन अब्दुल अतीक, बागेश्वर आलोक पांडे, देहरादून सचिव कल्पना बिष्ट, वाइस चेयरमैन मनोज सनवाल तथा राज्य मैनेजिंग कमेटी के सदस्य अजय सेमवाल, प्रेम बल्लभ भट्ट, दीपक पाठक कैलाश पैन्यूली, उप सचिव डॉ हरीश चंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।