जयप्रकाश बहुगुणा
*उत्तरकाशी*
“सेवा, सुशासन और समर्पण” के संकल्प के साथ आयोजित स्वास्थ्य सेवा सप्ताह के अंतर्गत जनपद के दूरस्थ एवं आकांक्षी ब्लॉक स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. नितेश रावत की अगुवाई में आयोजित तीन दिवसीय निःशुल्क विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का अंतिम दिवस सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अंतिम दिवस क्षेत्रवासियों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया तथा विभिन्न निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं एवं जांचों का लाभ उठाया।
अंतिम दिवस हड्डी रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, नाक, कान एवं गला (ईएनटी) रोग विशेषज्ञ, फिजिशियन तथा अन्य चिकित्सा अधिकारियों द्वारा अपनी विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर में मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श के साथ निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, एक्स-रे, विभिन्न जांचों एवं आवश्यक उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर के दौरान कुल 197 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें 80 मरीजों की उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन), 80 मरीजों की मधुमेह तथा 54 मरीजों की नेत्र जांच की गई। इसके अतिरिक्त 05 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, 11 मरीजों की टीबी जांच, 18 मरीजों के एक्स-रे किए गए तथा 04 लाभार्थियों की आभा आईडी बनाई गई। साथ ही रक्तदान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 13 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान हेतु अपना पंजीकरण कराया व 15 बच्चों का नियमित टीकाकरण किया गया तथा स्वास्थ्य शिविर के दौरान 27 पात्र व्यक्तियों के दिव्यांग प्रमाण-पत्र भी बनाए गए।
विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. नितेश रावत, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज सिंह, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. आस्था रावत, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. मोहित लवानिया, डॉ. विपुल बर्त्वाल, डॉ. सचिन नेगी, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक बलवीर चौहान, शैलेंद्र पंवार एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।